Wednesday, March 4, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलसरकार ने सभी वर्गों के लिए कार्य किया-स्मृति ईरानी

सरकार ने सभी वर्गों के लिए कार्य किया-स्मृति ईरानी

सिद्धार्थनगर ( हि.स.)। केंद्रीय मन्त्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जितना विकास हुआ है, आज तक उतना कई वर्षो में नहीं हुआ था ।

मंगलवार को डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राघवेन्द्र प्रताप सिंह के पक्ष मे पथरा बाजार में जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डुमरियागंज में समाजवादी पार्टी (सपा) तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायकों ने यहां के साथ सौतेला व्यवहार किया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि यहां संविधान निर्माता बाबा साहब की मूर्ति नहीं लगने पायी लेकिन जैसे ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हुए और प्रदेश मे सरकार बनी, सबसे पहले बाबा साहब की मूर्ति की स्थापना करायी गयी। तब भू माफियाओं को जेल जाना पड़ा।करोड़ो रुपये की जमीन पर भू माफियाओं का कब्जा था लेकिन भाजपा सरकार में सबका सफाया हो गया। सरकारी जमीन पर अब सरकार का पूरा कब्जा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने सभी वर्गो के लिए कार्य किया है। किसानों को खाद-पानी,दवा-बीज सहित अन्य उपयोग के लिए किसान सम्मान निधि देने का कार्य हुआ है।कोरोना काल मे कोई भी व्यक्ति भूख से मरने नही पाया है क्यों कि भाजपा सरकार सबका दर्द समझती है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने बिना भेदभाव के विकास कार्यो को बढ़ावा दिया और अपराध मुक्त प्रदेश बनाने के लिए कार्य किया है। एक समय था, जब डुमरियागंज मे गुण्डा राज चलता था लेकिन भाजपा सरकार में गुण्डे डुमरियागंज क्या प्रदेश छोड़ कर चले गये है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे देश विकास की ओर निरन्तर अग्रसर है। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो सबके हितों के लिए सोचती है।किसानों,नौजवानों,महिलाओं के लाभ के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं भी संचालित करके उन्हें सीधा लाभ दिया है और सभी वर्ग खुशहाल हैं। विरोधी तो विरोध करते रहेंगे लेकिन जो सच्चाई है, उसे कौन छिपा पायेगा।भारतीय जनता पार्टी सबसे अधिक सीट जीत कर दोबारा फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

जनसभा में स्मृति ईरानी के साथ संसद सदस्य जगदम्बिका पाल, डुमरियागंज के विधायक भाजपा से प्रत्याशी राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

महेंद्र

RELATED ARTICLES

Most Popular