-मृतक के भाई ने लापरवाही और मानव अंग तस्करी का लगाया आरोप
आगरा (हि.स.)। आगरा के सरकार नर्सिंग होम के प्रबंधक समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के भाई ने प्रबंधक समेत तीन पर इलाज में लापरवाही करने और मानव अंग तस्करी का आरोप लगाया है। सीएमओ स्तर से हुई करीबन सात माह की जांच की रिपोर्ट आने के पश्चात एफआईआर दर्ज की गयी है।
आगरा जनपद के देहली गेट स्थित सरकार नर्सिंग होम के प्रबंधक डॉ. देवाशीष सरकार, डॉ. रोहित गुप्ता, डॉ. शरद गुप्ता के खिलाफ थाना हरीपर्वत में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही आरोप लगाने वाले मृतक के भाई ने हॉस्पिटल प्रशासन पर मानव अंग तस्करी और इलाज में लापरवाही किये जाने का आरोप भी लगाया है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी के जींगना गांव निवासी जवर सिंह अपने छोटे भाई वेदराम को पेट में हल्के दर्द के चलते 15 सितंबर 2022 को राजा मंडी स्थित डाॅ. रोहित गुप्ता को दिखाने लाए थे।
जाँच के पश्चात डा. रोहित गुप्ता के कहने पर दो दिन के लिए देहली गेट स्थित सरकार नर्सिंग होम में एडमिट कराया गया। 18 सितम्बर को सिटी स्कैन में आंत में हल्का सा जख्म बताते हुए ऑपरेशन कराये जाने की सलाह दी गयी है। दूसरे जगह ऑपरेशन का मन होने के बाद भी डॉ. रोहित गुप्ता के जोर पर डॉ. शरद गुप्ता से ऑपरेशन कराया गया। एफआईआर में ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत खराब होने पर स्टाफ द्वारा कोई ध्यान नहीं दिए जाने, डॉक्टर को बुलाने के लिए आग्रह करने पर अस्पताल प्रबधंक डॉ. देवाशीष सरकार द्वारा लात मारकर गेट से बाहर किये जाने की बात कही गयी है। इसके बाद 19 सितंबर को सुबह नौ बजे मरीज की मौत हो गई।
मरीज की मौत के पश्चात आईसीयू में रख परिजनों से इलाज के नाम पर पैसों की वसूली की गयी। इस मामले में मृतक के भाई द्वारा थाना हरीपर्वत में तहरीर दिए जाने के पश्चात भी कोई एफआईआर दर्ज नहीं किया गया। एसपी सिटी विकास कुमार से मुलाक़ात के पश्चात जांच किये जाने के आदेश दिए गए। सीएमओ स्तर से हुई करीबन सात माह की जाँच की रिपोर्ट आने के पश्चात एफआईआर दर्ज की गयी है। इस मामले में सरकार नर्सिंग होम के डॉक्टर देवाशीष सरकार ने केस को उनके द्वारा न देखे जाने और उस समय अस्पताल के प्रबंधक न होने की बात कही है।
श्रीकांत
