-भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने अखिलेश यादव के बयान पर दिया करारा जवाब
लखनऊ (हि.स.)। भाजपा शासन में किये गये विकास कार्यों को देखकर विपक्ष बौखला गया है। उसे समझ में नहीं आ रहा कि वह जनता को किन मुद्दों पर बरगलाये। इस कारण वह आये दिन झूठ का गट्ठर खोलते रहते हैं, लेकिन आमजन उनके बहकावे में नहीं आने वाला है। वह समझ चुका है कि विपक्ष को अमन चैन देखकर बौखलाहट हो रही है। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रभूषण पांडेय ने गुरुवार को कही।
वे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा बुधवार को दिये गये बयान “यूपी में अपराधी बेलगाम हैं और मुख्यमंत्री असम व पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था सुधारने में व्यस्त हैं।” का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते चार साल में प्रदेश में 135 अपराधी मुठभेड़ में ढेर हो गये। यहां भूमाफिया अपना सिर छिपाये फिर रहे हैं, जो कभी आंख तरेरते रहते थे। सत्ता की सह पर आमजन की जमीन को हड़प लेते थे। आज ऐसे लोग जेल की सलाखों के पीछे हैं और उनकी ऊंची इमारतें जमींदोज हो चुकी हैं। सरकार ने अपने कब्जे में ले लिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का शासन आते ही शुरुआती दो सालों में सर्वाधिक 100 एनकाउंटर हुए। इसके बाद अपराधी या तो प्रदेश छोड़कर भग गये या जेल की सलाखों के पीछे चले गये। इसके बाद आगामी दो सालों में 35 बदमाश मुठभेड़ में मारे गये। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने शहर ही नहीं गांवों में भी सड़कों का जाल बिछाया और वर्तमान सरकार ने 13,189 किमी लम्बाई की सड़कों का जाल बिछाया।
प्राथमिक विद्यालयों में आज पठन-पाठन का माहौल है। प्रदेश में सैकड़ों परिषदीय विद्यालय हैं, जहां पर अभिभावक अपने बच्चों का नाम प्राइवेट स्कूलों से कटवाकर परिषदीय विद्यालयों में दाखिला करा रहे हैं। अब परिषदीय विद्यालय सिर्फ मध्याह्न भोजन के केन्द्र नहीं रह गये हैं। वहां शिक्षा मिल रही है। गरीबों के बच्चे भी अब अच्छी शिक्षा ले रहे हैं।
