बिजली कटौती की शिकायत पर विधायक ने चेक किया रोस्टिंग रजिस्टर
कानपुर (हि.स.)। बिजली लोगों को पर्याप्त मात्रा में मिले यह सरकार की मंशा है और बिजली कटौती से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा नहीं होना चाहिये अगर यही हाल रहा जो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होना तय है। यह बातें बिठूर भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने मंधना सब स्टेशन का रोस्टिंग रजिस्टर चेक करते हुए कही।
विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिजली की कटौती से क्षेत्रीय लोग परेशान हो गये और क्षेत्रीय भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा से शिकायत की। इस पर भाजपा विधायक बुधवार को सीधे मंधना सब स्टेशन पहुंच गये और वहां पर रोस्टिंग रजिस्टर चेक किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि बिजली की कटौती नहीं होनी चाहिये क्योंकि इन दिनों भीषण गर्मी चल रही है।
बिजली कटौती से क्षेत्र की जनता परेशान हो रही है और सरकार की भी यही मंशा है कि लोगों को पर्याप्त बिजली मिले। इस दौरान उन्होंने मौके पर से ही बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से भी फोन पर वार्ता की और कहा कि बिजली कटौती से सरकार की छवि खराब हो रही है। जिम्मेदारी के साथ समय से रोस्टर के अनुसार क्षेत्र में बिजली की सप्लाई होनी चाहिये।
अजय/मोहित
