लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को टीम-9 की बैठक में कहा है कि अतिवृष्टि के कारण धान व गन्ना सहित जिस भी कृषि उपज का नुकसान हुआ है, राज्य सरकार सबकी क्षतिपूर्ति करेगी। हर प्रभावित किसान को पूरा मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व और कृषि विभाग द्वारा नुकसान के आकलन का काम यथाशीघ्र पूरा किया जाए। सख्ती से उन्होंने कहा है कि एक भी पात्र किसान क्षतिपूर्ति से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को सुगमतापूर्वक डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। प्रत्येक जिले में मांग-आपूर्ति के बीच संतुलन बनाये रखें। डीएपी के कृत्रिम अभाव की स्थिति बनाने वालों के साथ कठोरता से निपटा जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि खाद्य तेलों और दाल के मूल्य में अचानक तेजी देखी जा रही है। भारत सरकार ने इस संबंध में स्टॉक लिमिट भी तय की है। जमाखोरों के खिलाफ छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाए। मूल्य नियंत्रित रहे, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि त्योहारों का समय प्रारंभ हो चुका है। प्रदेश में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे, इसके लिए सभी नियोजित प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान से लेकर प्रशासन के सभी अंग सतर्क और सावधान रहें। दुर्गा पूजा कमेटियों, धर्माचार्यों, किसान संगठनों, सिविल सोसाइटी के साथ संपर्क-संवाद बनाया जाए। सभी का सहयोग लेकर पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपादित कराया जाए। अराजक व उपद्रवी तत्वों पर सतत नजर रखी जाए। उनके साथ पूरी कठोरता की जानी चाहिए।
सड़कों निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों में जल्द और भी तेजी देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी ने टीम-9 की बैठक में सख्ती से कहा है कि प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का प्रदेशव्यापी अभियान और तेज किया जाए। कार्य की गुणवत्ता में कमी नहीं होनी चाहिए। इसकी मॉनीटरिंग भी की जाए।
