Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसरकारी स्कूल में पेड़ की डाल टूटकर गिरी, सात बच्चे घायल

सरकारी स्कूल में पेड़ की डाल टूटकर गिरी, सात बच्चे घायल

चित्रकूट (हि.स.)। जिले के रामनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम बांधी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को योगाभ्यास के दौरान पेड़ की एक डाल टूटकर अचानक नीचे आ गिरी। उसकी चपेट में आने से सात बच्चे घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को घायल बच्चों के इलाज के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने मामले की जांच और घायल बच्चों का हालचाल लेने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लव प्रकाश यादव ने बताया कि घायलों का रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। इनमें से जिनको मामूली चोटें आईं हैं उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

शनिवार की सुबह स्कूल पहुंचने के बाद बच्चे योगाभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्कूल परिसर में लगे महुआ के पेड़ की डाल टूट कर गिरी। इसकी चपेट में कक्षा सात की विद्यार्थी सुष्मिता, पूजा, कीर्ति, चाहत, शिवऔतार, माया और कक्षा आठ की छात्रा अंतिमा घायल हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाई और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

रतन

RELATED ARTICLES

Most Popular