फिरोजाबाद (हि.स.)। सम्मेद शिखर बचाने के लिए जैन समाज के लोग रविवार को सड़कों पर उतर आए। जैन समाज की महिलाओं व पुरुषों ने जुलूस निकालकर झारखंड व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा।
देश में चल रहे सबसे बड़े जैन तीर्थ सम्मेद शिखर बचाओ आंदोलन के तहत रविवार को जैन समाज ने अट्टा वाला दिगम्बर जैन मंदिर से जुलूस निकाला। इस जुलूस में जैन समाज के महिला, पुरुष, बुजुर्ग, और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हजारों की संख्या में जैन श्रद्धालु पैदल मार्च करते हुए हाथों में तख्ती लेकर सदर बाजार, सेंट्रल चौराहा, बाघ छिंगा मल, कंपनी बाघ चौराहा और बस स्टैंड होते हुए श्री महावीर जिनालय सुभाष चौराहे पर एकत्र हुए। जैन समाज के युवा उद्यमी अनुज जैन ने कहा कि सम्मेद शिखर दिगम्बर, श्वेताम्बर का ही नहीं बल्कि पूरे जैन धर्म के सभी अनुयाइयों का पवित्र तीर्थ स्थल है। इसे गलत हाथों में नहीं जाने देंगे। सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल बनाए जाने का आदेश सरकार वापस ले।
इस दौरान जैन समाज के लोगो ने राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिक्ट्रेट को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में जैन समाज के लोगो ने मांग की है कि सम्मेद शिखर एक पवित्र तीर्थ स्थान है अतः पवित्र तीर्थ के पर्यटक स्थल का दर्जा वापस लिया जाय तथा पर्वत पर होने वाली अमान्य गतिविधिओं को तत्काल रोका जाय। श्रद्धालुओं ने कहा कि अगर 8 जनवरी तक हमारा तीर्थ हमें वापस नहीं मिला तो हम जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
कौशल
