Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भी नर्सिंग पाठ्यक्रम चलाने की तैयारी

सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भी नर्सिंग पाठ्यक्रम चलाने की तैयारी

इस पाठ्यक्रम से बहुविषयक पाठ्यक्रमों का यह विश्वविद्यालय होगा : कुलपति

वाराणसी (हि.स.)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में भी निकट भविष्य में नर्सिंग पाठ्यक्रम चलाने की तैयारी है। इस पाठयक्रम से विश्वविद्यालय बहु विषयक पाठ्यक्रमों की संस्था बन जाएगी। शीघ्र ही इस पाठ्यक्रम को तैयार करने के लिये विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी ।

रविवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने बीते शनिवार को अपने वाराणसी दौरे में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में कुलपतियों, कुलसचिवों एवं उच्च शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक किया था। बैठक में इस विश्वविद्यालय में नर्सिंग पाठ्यक्रम तैयार कर शीघ्र प्रारम्भ करने का सलाह दिया था। कुलपति ने बताया कि यहां के विद्वतजनों ने विद्या परिषद में सहयोग कर इस पाठ्यक्रम को पास कराकर चलाने में सहयोग प्रदान किया तो ऐसे पाठ्यक्रमों के माध्यम से जहां संस्कृत के विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त होगा। वहीं, इस विश्वविद्यालय के आर्थिक स्थिति में भी बदलाव सम्भव हो पायेगा। उन्होंने कहा कि जो लोगों की सेवा करने की भावना रखते हैं इस पाठयक्रम से समाज, राष्ट्र सेवा के साथ-साथ स्वयं को आर्थिक रूप से रोजगार से जोड़ सकते हैं।

बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 के अन्तर्गत ज्ञान और रोजगार को आधार बनाकर ही इस संस्था में अनेकों रोजगार परक पाठयक्रम डिप्लोमा आदि शीघ्र ही प्रारम्भ होगा। कुलपति ने बताया कि भारतीय ज्ञान परम्परा से युक्त नई शिक्षा नीति के पैमाने में भारतीय शिक्षा पद्धति बनाया गया है। जिसके अन्तर्गत हर नागरिक को शिक्षा का अधिकार प्राप्त है, शिक्षा से ज्ञान और रोजगार का आयाम भी प्राप्त कराया गया है। यह पाठ्यक्रम (नर्सिंग) एक उजले कैरियर के रूप में सामने आया है। संस्कृत भाषा सदैव परसेवा, जनसेवा, मानवतावाद और परोपकारवादी है। यही भारतीय संस्कृति भी है। इस पाठ्यक्रम का भी यही मूलाकार है।

कई पाठ्यक्रम

कुलपति ने बताया कि नर्सिंग क्षेत्र में कई तरह के पाठ्यक्रम हैं जैसे डिप्लोमा,अंडर ग्रेजुएट एवं सर्टिफ़िकेट आदि। अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार छात्र चयन कर सकते हैं। विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में भी विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं। इसमें नौकरी के अपार अवसर है। छात्र सरकारी अथवा निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, अनाथाश्रम, वृद्धाश्रम, आरोग्य निवास, विभिन्न अन्य उद्योगों एवं रक्षा सेवाओं में रोजगार पा सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular