Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसमान नागरिक संहिता लाने और मोदी को पीएम बनाने के लिए भाजपा...

समान नागरिक संहिता लाने और मोदी को पीएम बनाने के लिए भाजपा नेता कांवड़ लाने निकले

मेरठ (हि.स.)। 2024 के लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए मेरठ के एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र भारद्वाज कांवड़ ला रहे हैं तो समान नागरिक संहिता के समर्थन में मुजफ्फरनगर सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान कांवड़ ला रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी कांवड़ ला रहे हैं।

मुजफ्फरनगर के सांसद और केंद्रीय पशुधन, मत्स्यपालन राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने समान नागरिक संहिता के समर्थन में हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री का काफिला पैदल यात्रा करता हुआ रूड़की पहुंचा। उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कांवड़ ला रहे हैं। संजीव बालियान मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करेंगे।

इसी तरह से मेरठ निवासी एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र भारद्वाज भी बुधवार को हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की कामना लेकर वे पैदल मेरठ तक कांवड़ लेकर आएंगे और मेरठ के औघड़नाथ मंदिर में भगवान चंद्रमौलि शंकर का जलाभिषेक करेंगे।

उन्होंने बताया कि वे नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने की भगवान भोले शंकर से प्रार्थना करते हैं और इस कामना को लेकर कांवड़ ला रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए हैं। कांवड़ यात्रा के बाद एमएलसी मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए जाएंगे।

कुलदीप/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular