– कठेरिया-धानुक समाज के महासम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़
औरैया(हि.स.)। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंडी समिति के मैदान में कठेरिया धानुक समाज का महासम्मेलन आयोजित किया। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में इटावा सांसद रामशंकर कठेरिया शामिल हुए। इसके अलावा समाज के अन्य पदाधिकारी एवं आस-पास जनपदों के लोगों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद रामशंकर कठेरिया सांसद ने कहा कि समाज के लोगों को एकजुट रहना चाहिए, जिससे कि उन्हें उनकी ताकत का एहसास होता रहे। इसके अलावा उन्होंने कहा जब हम एकजुट रहेंगे तो राजनैतिक क्षेत्र में भी उनकी भागीदारी बढ़ेगी। सांसद ने कहा कि आज समाज को अपनी ताकत का अहसास कराए जाने की आवश्यकता है क्योंकि कठेरिया एवं धानुक समाज पूरी तरह से पिछड़े हुए वर्ग में आ रहा है जिस कारण कोई भी राजनीतिक दल उनका आकलन नहीं करता है।
भरथना विधायक सावित्री कठेरिया ने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में यदि हमें अपने समाज को हिस्सेदारी दिलाने हैं तो हमें एकजुट होना आवश्यक है। उन्होंने कहा यदि हम इसी तरह से ग्रुपों में बैठे रहेंगे तो हमारा अस्तित्व न के बराबर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान इटावा, जालौन, कानपुर देहात, कन्नौज, मैनपुरी सहित अन्य जनपदों के समाज के लोगों ने हिस्सेदारी ली। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा आए हुए अतिथियों का माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया। कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा आई हुई महिलाओं एवं पुरुषों की भीड़ को देखते हुए सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
सुनील
