—शहर उत्तरी, दक्षिणी और कैंट विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दायित्व का कराया एहसास
स्वतंत्र देव बोले, आज के कार्यकर्ता भविष्य के डॉक्टर मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय
वाराणसी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को पूरे तेवर में दिखे। विधानसभा चुनाव 2022 फतह के लिए कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरने का संदेश देकर उन्होंने दो टूक कहा कि हमें सर्व समाज, मलिन, दलित, यादव और मुस्लिम बस्तियों के बीच जाकर चाय भी पीना है और केंद्र एवं प्रदेश की योजनाओं को लेकर उनके साथ चारपाई पर बैठकर कुछ समय बिता उनसे चर्चा भी करना है।
पार्टी के संगठनात्मक बैठक में भाग लेने के लिए आये प्रदेश अध्यक्ष महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन में तीन विधानसभा क्षेत्र कैंट,उत्तरी और दक्षिणी के पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू हुए। शहर दक्षिणी के विधायक और प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी,शहर उत्तरी के विधायक और राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल,कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश सरकार वंचित वर्ग के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, पिछली सरकारों में अनुसूचित वर्ग तथा अन्य वर्गों के लिए चलाई गई योजनाएं धरातल पर नहीं आती थी, लेकिन अब कोई बाधा नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इनके कार्यकाल में वंचित वर्ग के साथ छलावा किया गया। गरीबों के हितों के लिए बनाई गई योजनाओं का अधिकांश लाभ दलालों,कार्यकर्ताओं ने उठाया। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन कर कहा कि मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष व बूथ अध्यक्षों का दायित्व बनता है कि वह एक तपस्वी कार्यकर्ता का निर्माण करें। क्योंकि आज के कार्यकर्ता भविष्य के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय हैं। आज का कार्यकर्ता ही कल का भविष्य है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता, राष्ट्रवाद के लिए जीता और मरता है। कार्यकर्ताओं की तपस्या के कारण ही पार्टी में बड़े नेताओं का कद है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत मां की जय जयकार, पूरी दुनिया में हो, भारत विश्व गुरु बने, इसीलिए हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि सन 2022 की चुनाव में एक बार पुनः कमल खिले। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने की।

बैठक के प्रारम्भ में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। महानगर उपाध्यक्ष डॉ गीता शास्त्री ने वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से किया सवाल—जबाब
बैठक में प्रभारी डॉ निर्मला सिंह पटेल, राजेश त्रिवेदी व एडवोकेट जेपी सिंह,सेक्टर प्रभारी बृजेश चौरसिया, सेक्टर संयोजक सौरभ यादव आदि ने प्रदेश अध्यक्ष से सक्षम बूथ और संगठन के 6 पर्व और बूथ, पन्ना समिति से जुड़े सवाल जवाब किए। जबाब में स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि सक्षम बूथ वह होता है जहां संगठन के 6 कार्यक्रम होते हैं तथा नियमित बैठकें होती रहती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह की 15 या 25 तारीख को मंडलों की बैठक करनी चाहिए तथा 3 से 4 घंटा तक एक साथ बिताना चाहिए । बूथों के प्रवास का कार्यक्रम भी तय होना चाहिए। महीने के आखिरी रविवार को प्रधानमंत्री के मन की बात के दिन प्रत्येक बूथ समिति की बैठक होनी चाहिए। बैठक का संचालन महानगर महामंत्री नवीन कपूर तथा धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय महामंत्री एवं प्रभारी संतोष कुमार पटेल ने दिया।
बैठक में इनकी रही मौजूदगी
प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में किशोर कुमार सेठ, जगदीश त्रिपाठी, वैभव कपूर, अशोक पटेल, राहुल सिंह, अभिषेक मिश्रा, डॉ अनुपम गुप्ता, नीरज जायसवाल, बृजेश चौरसिया, डॉ हरी केसरी आदि की उपस्थिति रही।
