लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर 12 अक्टूबर से शुरु होने जा रही समाजवादी विजय यात्रा को कानपुर जिले में गंगा पुल से आरंभ होगी। गंगा पुल से आगे बढ़ने के बाद कानपुर और इसके बाद हमीरपुर जिले में विजय यात्रा का कई जगहों पर स्वागत कार्यक्रम तय कर दिया गया है।
सोमवार को शाम के बाद समाजवादी विजय यात्रा का वाहन कानपुर के लिए रवाना किया जायेगा। रात्रि पहर कानपुर में इसे गंगा पुल के निकट सुरक्षित स्थान पर रखेंगे। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव रथ पर सवार होकर समाजवादी विजय यात्रा को आरंभ करेंगे। कानपुर के गंगा पुल से यात्रा रथ नौबस्ता आयेगा, इसके बाद वहां से घाटमपुर होते हुए नवेली में यात्रा पहुंचेंगी।
विजय यात्रा का नौबस्ता से लेकर नवेली तक स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। नवेली में विजय यात्रा से जुड़ी एक आम सभा भी आयोजित होगी। इसके बाद बुधवार को विजय यात्रा हमीरपुर जिले में प्रवेश कर जायेगी, जहां कुरारा में स्वागत कार्यक्रम रखा गया है। कुरारा में भी एक बड़ी सभा होगी।
हमीरपुर से जालौन के कालपी होते हुए कानपुर देहात और फिर पुन: लखनऊ में यात्रा में शामिल रथ वापस आयेगा। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि कानपुर और हमीरपुर में विजय यात्रा के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह हैं।
