Tuesday, March 31, 2026
Homeखेल समर्थन के लिए धरने पर बैठे पहलवानों ने जारी किया फोन नंबर

 समर्थन के लिए धरने पर बैठे पहलवानों ने जारी किया फोन नंबर

नई दिल्ली(हि.स.)। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के धरना प्रदर्शन का सोमवार को 23वां दिन है। आज पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रावण और पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह ने जंतर-मंतर पहुंचकर पहलवानों से मुलाकात की। वहीं पहलवानों ने प्रेस वार्ता कर लोगों से समर्थन मांगने के लिए एक नंबर जारी किया है।

पहलवानों ने बताया कि सोमवार से एक नए अभियान की शुरुआत दिल्ली के कनाट प्लेस से करने वाले हैं। शाम 6 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस पहुंचेंगे और समर्थन मांगेंगे। विनेश फोगाट ने कहा कि कनॉट प्लेस में सभी के सामने अपनी बात रखी जाएगी। 21 मई को पहलवान बड़ा फैसला ले सकते हैं। वहीं, पहलवान साक्षी मलिक ने एक नंबर 9053903100 जारी किया।

उन्होंने कहा कि लोग इस पर मिस कॉल देकर हमारा समर्थन करें। उन्होंने प्रदर्शन में रुकावट लाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात भी हमारे प्रदर्शन को खराब करने का प्रयास किया गया। हम चिट्ठी लिखकर इंटरनेशनल ओलम्पियंस से समर्थन की मांग करेंगे और अपने प्रदर्शन को जंतर-मंतर से बाहर भी लेकर जाएंगे। हमारी अकेली की लड़ाई नहीं है। देश की बेटियों की लड़ाई है, महिला की और खेल को बचाने की लड़ाई है। इस प्रदर्शन की शुरुआत हम दिल्ली के कनॉट प्लेस से करने जा रहे हैं और हमें पूरे देशवासियों का समर्थन चाहिए। इसके लिए हम राष्ट्रपति, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री के नाम जिला मुख्यालय में चिट्ठी देंगे।

पहलवान विनेश फोगाट ने आगे कहा कि हम आज शाम को दिल्ली के कनॉट प्लेस जाएंगे। साथ ही दिल्ली की अलग अलग जगहों पर भी जाकर लोगों का समर्थन मांगेंगे। हम लोग ओलंपिक संघ एसोसिएशन के जितने भी खिलाड़ी हैं, उनको भी पत्र लिखेंगे और कहेंगे कि हमारा समर्थन करें। हमारी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी जब तक बृजभूषण शरण सिंह गिरफ्तार नहीं होते।

अश्वनी/अनूप

RELATED ARTICLES

Most Popular