लखनऊ(हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह आगामी 12 फरवरी श्रद्धेय चौधरी अजित सिंह की जयन्ती से प्रदेश में समरसता अभियान की शुरुआत करेंगे । इस अभियान के तहत जयन्त सिंह उत्तर प्रदेश के 1500 गांव का भ्रमण करेंगे। यह जानकारी राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह ने दी।
मनजीत सिंह ने बताया कि चौधरी साहब की जयन्ती के दिन जयंत चौधरी जनपद मथुरा के बलदेव क्षेत्र में फजियतपुर की नगरिया, शाहपुर गौसाना, नगला पोला हयातपुर, महावन, जटोरा, मगना सराय, खिरारी आदि गावों में दौरा करेंगे।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान सत्र में 4 महीने गन्ना मिलों को चलते हो गये हैं किन्तु आज तक गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा नहीं हुई । किसान और रालोद कार्यकर्ताओं ने लाखों की संख्या में किसान संदेश के पत्र के माध्यम से अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचा चुके हैं लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान न किया गया तो राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता व पदाधिकारी आगामी 27 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विशाल धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
बृजनन्दन
