लखनऊ (हि.स.)। खाद्य व रसद विभाग के राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने समय का पालन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शाबाशी दी। उन्होंने समय पर कार्यालय आने और समय का पालन करते हुए जाने को व्यवस्था का अंग बताया।
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने जवाहर भवन स्थित खाद्य एवं रसद विभाग आयुक्त कार्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। औचक तरीके से राज्यमंत्री के पहुंचने पर बाहर गये कर्मचारियों के हाथ पांव फूलने लगे। श्री शर्मा ने कार्यालय में पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर के लेखा जोखा को देखा। रजिस्टर पर लगी धूल पर नाराज हुए और स्वच्छता का संदेश दिया।
उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप जनहित में कार्य करने के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्यालय आने-जाने का समय तय करने और उसका पालन करने को कहा। उन्होंने इस पर प्रसन्नता जाहिर की कि ज्यादातर कर्मचारी, अधिकारी समय का पालन कर रहें है।
राज्यमंत्री ने स्वच्छता का ध्यान रखने और कार्यालय में हर कोने को साफ सुथरा रखने को लेकर आग्रह किया। उन्होंने स्वच्छता को अपना कार्य बताते हुए स्वयं से स्वयं के मेज कुर्सी को साफ रखने का ख्याल रखने को कहा। स्वच्छता कर्मियों को भी किसी दुर्व्यवस्था से ग्रसित ना होकर अपने कार्य को बखूबी करने के निर्देश दिये।
शरद
