Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसमधी और पुत्रवधू के बाद अब मुलायम के साढू भी भाजपा में...

समधी और पुत्रवधू के बाद अब मुलायम के साढू भी भाजपा में शामिल

-“मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं” अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य ने भी ली भाजपा की सदस्यता

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी एवं विधायक हरिओम यादव और पुत्रवधू अपर्णा यादव के बाद अब उनके साढू प्रमोद गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गये हैं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता ने गुरुवार को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, कांग्रेस के “मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं” अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने पार्टी कार्यालय पर प्रमोद गुप्ता और डॉ. प्रियंका मौर्य को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पूर्व आईएएस किशन सिंह अटोरिया, लोक गायिका वंदना मिश्रा, एटा समाजवादी पार्टी के मनोज ऊर्फ मंटू यादव, अजीत सिंह चौहान, बुलंदशहर के मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के शेषपाल सिंह तोमर सपा से भाजपा में शामिल हुए हैं। वहीं मुरादाबाद के सोमपाल भारतीय किसान यूनियन के जिला संयोजक, कानपुर नगर से बसपा से सुनीत शुक्ला, औरेया के शिवम विश्नोई ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शिवम भाजपा नेता सलिल विश्नोई के भतीजे हैं। ब्राम्हण संयोजक समिति बिंदुसार पांडे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और अपने संगठन का समर्थन पत्र भी दिया है।

डॉ. बाजपेयी ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव, पुत्रवधू अपर्णा यादव के बाद आज मुलायम के साढू ने प्रमोद गुप्ता ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने बताया कि डॉ. प्रियंका मौर्य 2012 में होम्योपैथी में अपना कॅरियर शुरू किया। कांग्रेस की पोस्टर गर्ल आज भाजपा में शामिल हो रही हैं। सभी का स्वागत पार्टी में है। इनके आने से भाजपा और भी ताकतवर होगी।

दिलीप शुक्ला/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular