Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसभी विभागों में खाली पद तो नौजवानों को नौकरी क्यों नहीं :...

सभी विभागों में खाली पद तो नौजवानों को नौकरी क्यों नहीं : कन्हैया कुमार

-कांग्रेस नेता पर फेंकी गयी स्याही

लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के नेता कन्हैया कुमार ने मंगलवार को लखनऊ में कहा कि सभी विभागों में जब खाली पद पड़े हैं, तो नौजवानों को नौकरी क्यों नहीं मिली। बेरोजगारी व भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए युवाओं ने भाजपा सरकार को वोट दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर जनता को मुद्दों से भटका रही है। उत्तर प्रदेश में शमसान व कब्रिस्तान की बात कर हिन्दू-मुसलमान को आपस में लड़ाया जा रहा है।

कन्हैया कुमार ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर मंगलवार को युवाओं से संवाद किया। पता चला कि लखनऊ में कन्हैया कुमार के ऊपर स्याही फेंकी गयी। वैसे कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि कन्हैया कुमार के ऊपर एसिड फेंकी गयी है लेकिन उनके ऊपर पड़ी नहीं है।

युवाओं को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा कि काली टोपी वाले लोग स्याही फेंकते हैं। भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि ये राम को नहीं नाथूराम को लाये हैं। ‘हम उनको लायेंगे जो राम को लाये हैं।’ यह राम को कैसे लेकर आये। हम राम को लाये हैं कि राम हमको लाये। कन्हैया कुमार ने कहा कि इस देश का नौजवान उम्मीदों के पंख लगाकर उड़ना चाहता है। दो करोड़ नौकरी देने का वादा भाजपा ने किया था। किसी परीक्षा की बहाली समय पर नहीं होती है। इंसान के साथ विद्यार्थियों के साथ भेड़ बकरी जैसा व्यवहार होता है। आज देश को बनाने से ज्यादा देश को बचाने की जरूरत है।

कहा कि लगातार बाहर की कंपनियां अपने संस्थान भारत से बंद कर रही हैं। निवेश में जितना पैसा भारत आ रहा है, उससे ज्यादा पैसा भारत से बाहर जा रहा है। सरकार जनता की कमाई अडानी- अंबानी की जेब में पहुंचा रही है। देश के संस्थानों को चुन-चुन कर बेचा जा रहा है। इसलिए यदि सरकार की हरकत अंग्रेजों वाली होगी तो हमारी हरकत क्रांतिकारियों वाली होगी।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular