– प्रियंका गांधी की सक्रियता ने सपा, बसपा, भाजपा के होश उड़ा दिए
इटावा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के स्टेट को-आर्डिनेटर/मंडल प्रभारी इखलाक अहमद डेविड व शहर कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के शहर अध्यक्ष साजिद अली अशरफी ने बैठक में बताया कि 32 सालों से उ.प्र. में जब से कांग्रेस सत्ता से बाहर है बड़े पैमाने पर अल्पसंख्यक समुदायों का शोषण हर दल बड़ी आसानी से कर रहा है।
उन्होंने कहा सपा बसपा अल्पसंख्यक वोट पर अपना हक जताते है लेकिन उनके तरक्की खुशहाली के लिए किये गये वादों को कागज से बाहर नही आने देते प्रियंका गांधी की सक्रियता ने सपा बसपा भाजपा सरकार के होश उड़ा दिए प्रदेश की जनता अब 32 साल सत्ता से दूर कांग्रेस की तरफ देख रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रियंका गांधी ने जोश भर दिया है।
इखलाक अहमद डेविड ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम के दिशा निर्देश 16 सूत्रीय संकल्प पत्र को 20 लाख अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से संवाद करके कांग्रेस का संदेश पहुंचाकर उन्हे कांग्रेस पार्टी से जोड़ा जाएगा। महा अभियान 24 सितम्बर से चलेगा। संकल्प पत्र में 16 बिंदु रखे गए हैं। जिसमें सीएए-एनआरसी विरोधी आंदोलन में दर्ज मुकदमें वापस होगे और मुआवजा दिया जाएगा।
राजस्थान की कांग्रेस सरकार की तरह मॉब लिंचिंग के खिलाफ कानून बनाने के लिए विधानसभा से महामहिम राष्ट्रपति को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बुनकरों को फ्लैट रेट पर बिजली दी जाएगी और कांग्रेस के शासनकाल में स्थापित किए गए सूतमिल जो पिछली सरकारों की नाकामियों के कारण बंद हो गयी थी उसे फिर से खोला जाएगा।
