-टीम-09 को मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 की बैठक में प्रदेश की कोविड व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने गुरुवार को बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। 29 करोड़ 98 लाख से अधिक कोविड टीके की डोज लगाने और 10 करोड़ 80 लाख से अधिक सैम्पल की जांच करने वाला एकमात्र राज्य उत्तर प्रदेश है।
मुख्यमंत्री ने कोविड महामारी प्रबंधन के लिए गठित टीम-9 को सभी जिलों में इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर संचालित रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के हर नागरिक को टीका लग चुका है। 83 फीसदी से अधिक पात्र वयस्क टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। 15-17 आयु वर्ग के लगभग 93 फीसदी किशोरों ने टीका कवर प्राप्त कर लिया है। 24 लाख पात्र लोगों को प्री-कॉशन डोज भी मिल चुकी है। 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों में से आठ लाख 78 हजार बच्चों को टीकाकवर मिल चुका है। इसे सतत जारी रखा जाए। 12-14 आयु वर्ग का टीकाकरण तेज किया जाए।
उन्होंने बताया कि विगत 24 घंटों में एक लाख 39 हजार कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें मात्र 62 नए कोरोना पॉजिविट पाए गए। इस दौरान 44 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए। कोरोना की हार तय है। सभी जिलों में इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर संचालित रखा जाए। ताकि किसी भी जरूरत पर लोग सीधा संपर्क कर सकें।
दिलीप शुक्ला
