लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया कन्विनर अंशु अवस्थी ने कहा कि सब्जियों और फलों के दाम बाजार में बढ़े हुए हैं। बढ़े मूल्य का उत्पादक किसान को फायदा नहीं मिल रहा है। भाजपा की नीतियों के कारण जमाखोरों को इसका फायदा हो रहा है। जो मौसम के अनुसार फलों और सब्जियों की जमाखोरी कर रहे हैं।
अंशु ने कहा कि प्रदेश और देश का जनमानस भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा को जान चुका है। जब भाजपा विपक्ष में रही तो किस तरीके से महंगाई का विरोध करते थे। रविशंकर प्रसाद, स्मृति ईरानी जैसे भाजपा नेता गैस सिलेंडर लेकर और सब्जियों की माला पहनकर विरोध प्रदर्शन किया करते थे। आज बेतहाशा मंहगाई बढ़ रही है और अब उनकी आवाज नहीं निकलती है।
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत 130 प्रति बैरल हुआ करती थी, तब कांग्रेस सरकार ने देश के लोगों को 70 में पेट्रोल और 55 में डीजल बेचा था। तभी भाजपा के नेता महंगाई पर चिल्लाकर सड़क पर विरोध करते थे। कांग्रेस के वक्त घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपये हुआ करता था। उस पर महंगाई का रोना रोते थे और सड़कों पर आंदोलन प्रदर्शन करते थे।
आज अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल के दाम गिरकर एक चौथाई हो गए है।20 प्रति बैरल से लेकर 70 प्रति बैरल हैं लेकिन उसके बावजूद देश के लोगों को 100 में पेट्रोल और 90 में डीजल बेचकर सरकार जनता की जेब लूट रही है। भाजपा का जन विरोधी चेहरा है, गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़कर 400 से 900 रुपये हो गयी हैं।
