– केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, उपमुख्यमंत्री बाद में भाजपा कार्यकर्ता पहले हूं
जौनपुर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई की एक आवश्यक बैठक पार्टी कार्यालय पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पहुंचे मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से 2014 से हम लगातार विजय यात्रा पर हैं।
उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सबने प्रदेश को लूटा, सपा और बसपा की सरकारों ने प्रदेश को लूटने का काम किया है। भाजपा ने देश का विकास किया है। ये पार्टियां जातिवाद, परिवारवाद पर काम करती रहीं। भाजपा सरकार ने सबका साथ-सबका विकास को साथ लेकर काम किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं से पूरे प्रदेश और देश की प्रत्येक जनता को समान रूप से लाभ दिलाया गया है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता परिश्रम करता है, लेकिन जनता इस चुनाव को लड़ रही है और जनता के आशीर्वाद से 2014 से हम लोग लगातार विजय यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि हम 2024 का लोकसभा चुनाव भी जीतेंगे।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 का चुनाव हमारे लिए बड़ा चुनाव होने वाला है। आज सारे विपक्षी दल बीजेपी की सरकार को हार का मुंह दिखाना चाहते हैं। सारे राजनीतिक दल भले हमारे खिलाफ हों, लेकिन आम जनता हमारे साथ है। 2024 में बीजेपी के विजयी होने के बाद विपक्षी दल चुनाव लड़ने और साजिश करने लायक भी नहीं बचेंगे। उन्होंने जिला पदाधिकारियों मण्डल अध्यक्ष और मोर्चों के अध्यक्ष के साथ बैठक कर उनसे संगठन स्तर पर चल रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं का निस्तारण करने करने के लिए हर सम्भव प्रयास करने की बात कही। अंत में उन्होंने कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता मेरे लिए प्राथमिकता है, वह हमारे लिए देव तुल्य है।
जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने स्वागत भाषण व जिलाध्यक्ष मछलीशहर रामविलास पाल ने आभार व्यक्त किया। संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया।
विश्व प्रकाश/विद्याकांत/मोहित
