-कानपुर पुलिस कमिश्नरी के दो साल पूरे होने पर भव्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन
-दबाव मुक्त होने से पुलिस की कार्यशैली में आया परिवर्तन, अपराध में आई काफी कमी
कानपुर(हि.स.)। उप्र सरकार के पूर्व मंत्री व सांसद सत्यदेव पचौरी ने योगी सरकार की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि दबाव मुक्त होने से पुलिस की कार्यशैली में आमूल चूल परिवर्तन आया है। स्वतंत्र रूप से काम करने से अपराध के ग्राफ में काफी गिरावट आयी है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि प्रदेश में जिन शहरों में योगी सरकार ने पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की है, वह सफल है।
पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद से अपराध का ग्राफ काफी कम हुआ है। नोएडा, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत सभी स्थानों पर कमिश्नर प्रणाली लागू होने से पुलिस के कार्यशैली में परिवर्तन आया है। इसके साथ अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। सरकार तो सिर्फ नीति निर्धारण करती है लेकिन उसका अनुपालन तो कार्य पालिका कराती है। कार्य पालिका तभी सफल होती जब वह स्वतंत्र रूप से काम करती है। दबाव मुक्त होने पर कार्य पालिका के परिणाम भी अच्छे होते हैं। जो योगी सरकार में साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने कहा कि इस प्रणाली में पुलिस अधिकारियों को स्वतंत्र रूप से काम करने का मौका मिलता है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने में भी सहूलियत मिलती है।संयुक्त पुलिस आयुक्त आनन्द प्रकाश तिवारी ने कहा कि पुलिस आयुक्त प्रणाली में सामूहिकता के साथ मिलकर, एक भावना के साथ काम करने का अनूठा प्रयोग है। यह प्रणाली भारत वर्ष में सकारात्मकता के साथ सबसे सफल प्रणाली साबित हुई है। कानपुर में भी दो वर्ष से बहुत ही अच्छे ढंग से चल रही है। देश का 53वां पुलिस आयुक्त प्रणाली कानपुर महानगर ही होगी जो अब तक सबसे सफलतापूर्वक काम कर रही है।
इससे पूर्व कानपुर पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नरी के दो साल पूर्ण होने पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उसमें कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के आला अधिकारियों के साथ पुलिस कर्मियों ने अपने जौहर का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कानपुर अग्नि शमन दल, डाग स्कायड, आपराधिक वैज्ञानिक सोध दल, घुड़सवार पुलिस के साथ डायल 112 की टीम ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
राम बहादुर
