Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसफलता के लिए मन को निर्देशित करना सीखें : पूनम दीदी

सफलता के लिए मन को निर्देशित करना सीखें : पूनम दीदी

मऊ(हि.स.)। जिले के मऊनाथ भंजन शहर के जीवनराम छात्रावास परिसर में पिछले तीन दिनों से चल रहे अलविदा तनाव शिविर का आम जनमानस के बीच जबरदस्त प्रभाव देखने को मिल रहा है। स्वयं के वास्तविक अस्तित्व की पहचान के द्वारा सफलता प्राप्ति के मंत्रों को यथार्थ रूप में प्रयोग कर जीवन को सरल, संबंधों को सुखद बनाने की विधि सिखाते हुए सीएस ब्रह्मा कुमारी पूनम दीदी ने कहा कि संतुलित एवं सकारात्मक विचारधारा के साथ स्वयं के मन को निर्देशित करना सीखें तो जीवन में सफलता निश्चित है।

उन्होंने कहा कि जीवन में जिस चीज की सफलता चाहते हैं उसको सामने रखते हुए स्वयं के मन को निर्देशित करें कि मुझे विजयी बनना ही है। इसके लिए स्वयं के वास्तविक अस्तित्व अर्थात् आत्मिक पहचान होना आवश्यक है। स्वयं को आत्मा राजा समझ मन, बुद्धि, संस्कार रूपी कर्मेंद्रियों को निर्देशित करने से वह पूरी ऊर्जा के साथ उसी दिशा में कार्य करने लगेंगे। इससे रास्ते में आने वाली अनेक रुकावटें भी टूट जाती हैं। उन्होंने जीवन में सफलता के टॉनिक रूपी इंजेक्शन के रूप में एक विचार देते हुए कहा कि सदा मन को यह विचार देना होगा कि मैं एक शक्तिशाली आत्मा हूं, प्रकाश पुंज हूं, शक्तिपुंज हूं, मेरे लिए कोई भी बात असंभव नहीं है।

संस्था की क्षेत्रीय निदेशिका बाल ब्रह्मचारी राजयोगिनी सुरेंद्र दीदी एवं ब्रह्मा कुमारीज मऊ जिला प्रभारी ब्रह्माकुमारी विमला दीदी के संयोजन में आयोजित उक्त शिविर में संस्था के क्षेत्रीय प्रबंधक बीके दीपेंद्र, मुख्यालय के मीडिया एवं जनसंपर्क प्रभारी बीके कोमल, विभिन्न सेवाकेंद्रों की प्रभारी ब्रह्माकुमारी बहनें आदि उपस्थित रहे।

आनन्द कुमार

RELATED ARTICLES

Most Popular