वाराणसी(हि.स.)। दुष्कर्म के आरोपी घोसी से बसपा सांसद अतुल राय मामले में निलम्बित जेल में बंद सीओ अमरेश सिंह बघेल को प्रदेश शासन ने मंगलवार को बर्खास्त कर दिया। प्रदेश शासन के कड़े तेवर को देख इस मामले में अन्य आरोपित पुलिस कर्मियों में हड़कम्प मच गया है।
दुष्कर्म मामले में पीड़िता और उसके साथी ने सुप्रीम कोर्ट के बाहर आत्मदाह कर लिया था। इस घटना से शासन ने भी सख्त रूख अपना लिया। दुष्कर्म पीड़िता को आत्मदाह के लिए उकसाने के आरोप में सीओ अमरेश सिंह बघेल को वाराणसी पुलिस ने पिछले दिनों बाराबंकी के हैदरगढ़ डाफी टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया था। शहर में लाये जाने के बाद निलम्बित सीओ को एक अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
आरोप है कि देवरिया जनपद के मूल निवासी अमरेश सिंह ने भेलूपुर सर्किल में सीओ रहते हुए दुष्कर्म के आरोपी सांसद अतुल राय को क्लीन चिट दी थी और मुकदमे में फिर से विवेचना की संस्तुति की थी। इसके बाद पीड़िता के आत्मदाह से पुलिस विभाग की हुई किरकिरी देख प्रदेश शासन ने अमरेश सिंह को निलंबित करते हुए प्रयागराज के आईजी रेंज को जांच सौंपी थी। इस मामले में वाराणसी के काशी जोन के तत्कालीन एडीसीपी रहे विकास चन्द्र त्रिपाठी, गाजियाबाद के एसएसपी अमित पाठक के खिलाफ जांच चल रही है। पीड़िता ने इन दोनों अफसरों पर भी गंभीर आरोप लगाया था।
