Tuesday, April 7, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडासपा सरकार बनने पर यूपी में किसानों को मिलेगी निःशुल्क बिजली

सपा सरकार बनने पर यूपी में किसानों को मिलेगी निःशुल्क बिजली

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया पंडित सिंह की प्रतिमा का अनावरण

जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि यदि 2022 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी बहुमत में आकर सरकार बनाती है, तो वह किसानों को नि:शुल्क बिजली प्रदान करेगी तथा समाज के अन्य वर्ग के लोगों को भी 300 यूनिट बिजली नि:शुल्क दिया जाएगा। वह शुक्रवार को पूर्व मंत्री स्वर्गीय विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह के जयंती के अवसर पर यहां उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। बताते चलें कि बीते 07 मई 2021 को पंडित सिंह का कोरोना से निधन हो गया था। आज उनकी जयंती पर परिजनों की तरफ से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, जबकि धरातल पर उसका कोई काम नहीं दिख रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री ने अनेक ऐसी परियोजनाओं का लोकार्पण किया है, जिसकी शुरुआत सपा शासनकाल में हुई थी। उन्होंने कहा की कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान देश भर से लाखों मजदूर पैदल चलकर अपने घर पहुंचे। सरकार ने उन्हें अनाथ छोड़ दिया। प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों ने रास्ते में उन लोगों की मदद की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल के दौरान यदि लोगों को समय पर ऑक्सीजन मिल जाती तो बहुत लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि मां गंगा के किनारे मिली कोरोना मरीजों की लाशों की तस्वीरों को कौन भूल सकता है? सरकार उनके दाह संस्कार के लिए लकड़ी तक नहीं दे पाई। सपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार झूठ बोल रही है। वह अपनी सरकार की उपलब्धियों के लिए छपने वाले विज्ञापनों में भी दूसरे राज्यों व देशों का चित्र इस्तेमाल करती है। उसे एक कारखाने के विज्ञापन में अमेरिका का चित्र, फ्लाईओवर के विज्ञापन में कोलकाता का चित्र और जेवर हवाई अड्डा के विज्ञापन में चीन का चित्र लगाना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जरवल से गोंडा तक फोरलेन की सड़क मैंने स्वीकृत की थी। आज लखनऊ से गोंडा आते समय सड़क के डिवाइडर पर मुझे सांड़ ही सांड़ दिखाई पड़े। मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि आप इन्हें हटओगे या नहीं? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की तरफ से टीवी पर प्रचार किया जा रहा है कि उनके शासनकाल में तीन करोड़ लोगों को रोजगार तथा 5 लाख लोगों को नौकरी दी गई है। यहां खड़े नौजवान बताएं कि कितने लोगों को नौकरी मिली है? पूर्व मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि यदि सपा की सरकार बनती है, तो गोंडा का मेडिकल कॉलेज लखनऊ के मेडिकल कॉलेज के स्तर का बनवाऊंगा, जहां सभी के नि:शुल्क चिकित्सा की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि गोंडा नगर में सीवर लाइन तथा रिंग रोड बनाने का काम भी हमारी सरकार करेगी। अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर जिले में उच्च शिक्षा के लिए नया विश्वविद्यालय बनाए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आने पर चीनी मिलों से गन्ना किसानों का शत प्रतिशत भुगतान समय पर कराया जाएगा। जनसभा को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में गोंडा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के संभावित प्रत्याशी व पूर्व मंत्री पंडित सिंह के सुपुत्र सूरज सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने पंडित सिंह के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढाढस बंधाया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular