Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा सरकार के कामों पर अपना ठप्पा लगाकर भाजपा गिना रही विकास...

सपा सरकार के कामों पर अपना ठप्पा लगाकर भाजपा गिना रही विकास कार्य : अखिलेश यादव

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा है कि भाजपाराज में उत्तर प्रदेश में विकास का विनाश ही होता रहा है। खुद कोई विकास कार्य करने के बजाय भाजपा सरकार ने या तो समाजवादी सरकार के कामों पर अपना ठप्पा लगाया या फिर उन्हें बर्बाद करने का काम किया। लेकिन उसने जो भी किया, उसमें घोटाला जरूर मिलेगा।

अखिलेश ने कहा कि चौबीस घंटा भी नहीं बीता कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे दो बार धंस चुका है। इस सड़क के लोकार्पण के बाद ही इसके धंसने की खबर थी। यहां दुर्घटना भी हो चुकी है। सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे धंस गया है। यही स्थिति बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे की भी है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे हो या बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे दोनों की गुणवत्ता मानकों के विपरीत है और ये यात्रा के लिए खतरनाक बनी हुई है। इनकी गुणवत्ता और रखरखाव की जांच होनी चाहिए। तभी घोटाले और भ्रष्टाचार की सच्चाई का पता चल पाएगा। मुख्यमंत्री जी इनका श्रेय ले रहे थे, अब इस भ्रष्टाचार का श्रेय कौन लेगा?

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे के घोटाले की कड़ी में भाजपा राज में पौधरोपण का घोटाला भी सामने आ रहा है। पिछले वर्ष 31 करोड़ पौधे लगाने का सरकारी दावा था। इस वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य घोषित है। भाजपा सरकार के 6 साल में 132 करोड़ पौधे लगाये जाने का दावा है। सवाल यह है कि इतने पेड़ कहां लगे हैं? कितने क्षेत्रफल में पौधरोपण हुआ है? भाजपाई पारदर्शिता की बातें बहुत करते हैं उन्हें यह बताने में क्यों संकोच है कि कहां-कहां कितने पौधे लगा दिए गए? लगे हाथ ये भी बता दें कि उनके शासन काल में कितने पेड़ काटे गए हैं?

अखिलेश ने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार की नीयत में ही बुनियादी खोट है। इसके परिणाम स्वरूप जनहित में वह एक भी योजना कार्यान्वित नहीं कर पाई है। उसका सारा ध्यान सत्ता में काबिज रहने के लिए चुनाव और योजनाओं में घपला करने पर ही रहता है। भाजपा सरकार के कारनामों की सजा जनता भुगत रही है। आगे चुनाव में इसकी सजा भाजपा भुगतेगी। अब भाजपाराज की आखिरी गिनती शुरू हो गई है।

मोहित वर्मा/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular