Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा विधायक के अनशन में पहुंचे किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी

सपा विधायक के अनशन में पहुंचे किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी

मेरठ (हि.स.)। निजी अस्पतालों के खिलाफ चल रहे सपा विधायक अतुल प्रधान का आमरण अनशन शनिवार को छठें दिन भी जारी रहा। अनशन में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी भी शामिल हुए। उन्होंने 11 दिसंबर तक मांग पूरी नहीं होने पर खुद भी अनशन पर बैठने की घोषणा की।

कलक्ट्रेट में चल रहे विधायक अतुल प्रधान के आमरण अनशन स्थल पर किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी भी पहुंचे। इससे पहले भाकियू नेता राकेश टिकैत ने भी सपा विधायक के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। चढूनी ने कहा कि 11 दिसंबर तक प्रशासन द्वारा मांग पूरी नहीं होने पर मैं भी अनशन पर बैठूंगा। विधायक अतुल प्रधान जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं। जाति, धर्म, क्षेत्र से ऊपर उठकर इंसानियत की लड़ाई लड़ी जा रही है। इस आंदोलन से प्रदेश की तस्वीर बदल जाएगी।

विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि 11 दिसंबर की महापंचायत पूरी तरह ऐतिहासिक होगी। 1857 की क्रांतिधरा से अत्याचार के खिलाफ जंग लड़ी जा रही है। यह मेरी अकेले की लड़ाई नहीं है, यह मेरठ की जनता की लड़ाई है। निजी अस्पतालों की मनमानी से आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। मरीजों से अनापशनाप बिल वसूले जा रहे हैं।

कुलदीप/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular