– विधवा महिला के घर आगजनी व तोड़फोड़ पर जेल में बंद है विधायक
कानपुर(हि.स.)। महाराजगंज जेल में बंद समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ वैसे तो कई मुकदमे न्यायालय में विचाराधीन हैं, लेकिन विधवा महिला के घर आगजनी मामले की सुनवाई बहुत तेजी से हो रही है। इस मामले में तीन से चार गवाह पेश होने बाकी हैं। इसके बाद एक माह के अन्दर न्यायालय का फैसला आ जाएगा। यह बातें गुरुवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने कही।
जाजमऊ थाना क्षेत्र में विधवा महिला के घर आगजनी व तोड़फोड़ करने तथा कब्जा करने के मामले को लेकर न्यायालय में चल रहे सपा विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ मुकदमे के फैसले के जल्द ही आने की संभावना है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि जाजमऊ थाना क्षेत्र में विधवा महिला के घर आगजनी का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में न्यायालय में लगातार सुनवाई चल रही है। अभी इसमें तीन से चार गवाह पेश होने बाकी हैं। इन सभी गवाहों की गवाही 20 से 25 दिन के अंदर हो जाएगी फिर न्यायालय इस मामले में अपना फैसला सुनाएगा। हालांकि इसके अलावा भी सपा विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ कई मुकदमे न्यायालय में लंबित हैं, लेकिन विधवा महिला मामले का मुकदमा सुनवाई के काफी करीब आ गया है।
आगजनी के मामले में सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनका भाई रिजवान सोलंकी जेल में बंद है।
अजय/दीपक/मोहित
