Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा विधायक इरफान फरार, फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जुटाए साक्ष्य

सपा विधायक इरफान फरार, फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जुटाए साक्ष्य

– पीड़ित महिला ने विधायक और उसके भाई पर दर्ज कराया था मुकदमा

कानपुर। सीसामऊ विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद से विधायक और उसका भाई फरार चल रहे हैं। सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने उस घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किया, जहां पर पीड़िता के मुताबिक विधायक और उसके भाई ने प्लाट में बनी झोपड़ी पर आग लगाई थी। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने कहा कि साक्ष्य एकत्र किये जा रहे हैं और फरार विधायक और उसके भाई की तलाश तेज कर दी गई है।

सपा विधायक इरफान सोलंकी के जाजमऊ स्थित आवास के पास एक प्लाट पर विधवा बेबीनाज झोपड़ी बनाकर रहती है। उसके मुताबिक सात नवम्बर को किसी काम से बाहर गई थी और इसी दौरान विधायक और उसके भाई रिजवान ने प्लाट पर बनी झोपड़ी पर प्लाट कब्जाने की दृष्टि से आग लगा दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने विधायक और उसके भाई समेत आठ से दस अन्य अज्ञात के खिलाफ आग लगाने और रंगदारी मांगने जैसी गंभीर धाराओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद से पुलिस लगातार विधायक और उसके भाई की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन दोनों फरार चल रहे हैं। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 10 विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल भी शहर आया। प्रतिनिधिमंडल ने मौके का मुआयना कर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और विधायक को बेकसूर बताया। प्रतिनिधिमंडल के वापसी होने के बाद पुलिस ने फिर कार्रवाई तेज कर दी। सोमवार को घटना स्थल पर फॉरेंसिक की एक्सपर्ट टीम पहुंची और सैंपलिंग कर साक्ष्य एकत्र किये।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर सैम्पल इकट्ठा किये है घटना की गहनता से जांच चल रही है। पीड़िता का बयान न्यायालय में करवाया जा चुका है। जल्द ही जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular