Saturday, March 28, 2026
Homeकानपुरसपा विधायक इरफान की पत्नी ने जाजमऊ थाने में जमा किया लाइसेंसी...

सपा विधायक इरफान की पत्नी ने जाजमऊ थाने में जमा किया लाइसेंसी रायफल

कानपुर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी ने सोमवार को जाजमऊ पुलिस थाने में लाइसेंसी रायफल जमा किया। वह अपने अधिवक्ता के साथ लाइसेंसी राइफल लेकर थाने पहुंचीं और विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जमा कर दिया।

सपा विधायक के शस्त्र लाइसेंस निलंबन के अनुपालन में उनकी राइफल थाने में जमा की गयी है। विधायक की पत्नी नसीम सोलंकी ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय से नोटिस मिला था। नोटिस में कहा गया था कि शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। जल्द से जल्द शस्त्र को नजदीकी थाने में जमा करवाएं। इसी के चलते मैने गन पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

आगजनी, बांग्लादेशी नागरिक को बसाने के अलावा कई मामलों में विधायक के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। अप्रैल महीने में कमिश्नरी पुलिस ने विधायक की संपत्तियों और असलहों को जब्त करने की कार्यवाही शुरू की। इस दौरान अब तक विधायक और उनके करीबियों की करीब 160 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। वहीं पुलिस की सिफारिश के बाद जिलाधिकारी न्यायालय ने विधायक के बंदूक का लाइसेंस निलंबित कर दिया था। जिलाधिकारी कोर्ट ने विधायक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

विधायक की पत्नी नसीम सोलंकी अपने वकील शिवा कांत दीक्षित के साथ सोमवार को जाजमऊ थाने पहुंचीं। विधायक की पत्नी ने रायफल पुलिस को सुपुर्द कर दी। अधिवक्ता शिवा कांत दीक्षित ने बताया कि, विधायक इरफान सोलंकी के पास रायफल थी। इसका लाइसेंस भी है। जिलाधिकारी के आदेश पर विधायक की पत्नी के साथ असलहा जमा करा दिया गया है। इसकी रसीद भी पुलिस के जरिए हमें दी गई है। मुकदमा खत्म होने के बाद विधायक इरफान को रायफल मिल जाएगी।

राम बहादुर/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular