-विधायक ने कहा हम आदमी नहीं जानवर, लघु शंका भी नहीं करने देती पुलिस
कानपुर (हि.स.)। महाराजगंज जेल में बंद सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी सोमवार को एक बार फिर पेशी के लिए लाये गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का पूरा इंतजाम था। जेल में अपना दर्ज बयां करते हुए विधायक न्यायालय में पेश हुए। आगजनी के मामले में कोर्ट सुनवाई करेगा।
सपा विधायक इरफान सोलंकी को महराजगंज जेल से रविवार रात लगभग ढाई बजे पुलिस टीम लेकर कानपुर के लिए रवाना हुई। सोमवार सुबह दस बजे के आसपास कानपुर न्यायालय में पहुंचते ही विधायक ने कहा कि हम आदमी नहीं जानवर है, लघु शंका भी नहीं करने देते ये लोग। मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए इरफान न्यायालय में पेश हुए। इस दौरान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का पूरा इंतजाम था।
मुख्यमंत्री से गुहार लगा चुकी इरफान की पत्नी
विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। पत्र में लिखा है कि लगभग चार सौ किलो मीटर दूर से इरफान पेशी पर आते हैं। इसकी वजह से उनकी रीढ़ में दर्द है। 20 किलो वजन भी कम हो गया है। यह मांग किया है कि इरफान को कानपुर जेल में शिफ्ट किया जाय, जिससे उनका उपचार कराया जा सके है। साथ ही परिजन और उनके अधिवक्ता से मिलाई कराने की भी मांग की है। आरोप है कि इरफान के साथ इस तरह का व्यवहार करके उत्पीड़न किया जा रहा है।
नसीम ने पत्र में यह भी जिक्र किया है कि उनके पति इरफान सोलंकी को आठ झूठे मुकदमों में फंसाया गया है। उन्हें साजिशन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए प्रशासन ने इरफान का कानपुर से महाराजगंज जेल ट्रांसफर किया है।
राम बहादुर/दीपक
