मेरठ(हि.स.)। जयवीर सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद सपा ने विपिन चौधरी को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। शुक्रवार को नए जिलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में भी सपा की गुटबाजी दिखाई दी। कोई विधायक और महानगर अध्यक्ष भी स्वागत कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। नए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की गुटबाजी को खत्म करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा।
सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने पार्टी को झटका देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुटबाजी को खत्म करने के लिए विपिन चौधरी को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया। इससे पहले विपिन ने शिवपाल यादव की पार्टी प्रसपा के जिलाध्यक्ष का पद तीन साल तक संभाला। जिलाध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को विपिन चौधरी मेरठ पहुंचे। सपा कार्यकर्ताओं ने उनका किठौर क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ने कमिश्नरी पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर और चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं को दूध से स्नान कराया तथा माल्यार्पण किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष जेल चुंगी स्थित सपा कार्यालय पहुंचे और पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव को पुष्पांजलि अर्पित की।
नए सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि 2027 तो अभी दूर है, लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव निकट है। 2024 में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली भेजने का काम करेंगे। जो जिले के नेता आज कार्यक्रम में नहीं आए, उनसे हमें कोई मतलब नहीं है। लेकिन जो कार्यकर्ता और नेता सपा कार्यालय पहुंचे हैं, उनके दम पर पार्टी को मजबूत करेंगे।
नए जिलाध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में एक भी विधायक और महानगर अध्यक्ष तक नहीं पहुंचे, जबकि मेरठ के सपा के किठौर विधायक शाहिद मंजूर, सरधना विधायक अतुल प्रधान, मेरठ शहर विधायक रफीक अंसारी है। महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी है। गुटबाजी को देखते हुए विपिन चौधरी ने कहा कि इसकी रिपोर्ट अखिलेश यादव को भेजी जाएगी। जो गुटबाजी करेगा, उसकी रिपोर्ट अखिलेश यादव को देंगे। उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मुकेश सिद्धार्थ, जीतू नागपाल, शैंकी वर्मा, हिमांशु सिद्धार्थ, जीशान अहमद, दीपक सिरोही, शशिकांत गौतम, मोनू, जितेंद्र गुर्जर, उमाशंकर, ओमप्रकाश आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप/पदुम नारायण
