Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा-बसपा-कांग्रेस के नाम अलग, गोत्र एक : उमा भारती

सपा-बसपा-कांग्रेस के नाम अलग, गोत्र एक : उमा भारती

– मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद विपक्षियों पर जमकर बरसीं

– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मजबूत और सौम्य बताया

मीरजापुर (हि.स.)। केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा लोगों की नजर में गिर चुकी पार्टियां हैं। उन्होंने परिवारवाद, जातिवाद, वोट बैंक की राजनीति की। उन्होंने जिस प्रकार से राजनीति को कलंकित किया, उसका परिणाम यह है कि सपा अपराध के लिए तो बसपा भ्रष्टाचार के लिए जानी गई और कांग्रेस तो दोनों के लिए जानी गई। इन तीनों के नाम अलग-अलग हैं, लेकिन गोत्र एक हैं। केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री पदयात्रा के साथ विंध्याचल आई थीं।

वे मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान सपा-बसपा व कांग्रेस पर जमकर बरसीं। कहा कि भ्रष्टाचारियों व अपराधियों को संरक्षण देने का काम सबसे पहले कांग्रेस ने शुरू किया था। बाद में सपा-बसपा ने मिलकर उसका पूरा उपयोग किया। अब उत्तर प्रदेश को इससे मुक्ति मिल गई है। उत्तर प्रदेश को योगी आदित्यनाथ ही चाहिए थे। उमा भारती ने योगी आदित्यनाथ को मजबूत, सौम्य बताया।

देश की महत्वपूर्ण धारा है गंगा, गंगा है तभी भारतवर्ष है

कहा, मैं जब मंत्री बनी तो गंगा कार्य योजना बनते ही मेरी इच्छा थी कि गंगा किनारे-किनारे कुछ दिनों प्रवास करूं। अधिकतर योजनाएं बन जाती हैं, लेकिन ठीक से लागू नहीं हो पातीं। हमने देखा कि पहली गंगा योजना 1984 में बनी और 1984 से लेकर 2014 तक उतना बदलाव नहीं दिखा, जितना हमने तीन साल में दिखा दिया। आज गंगा के बारे में धारणा बदल गई है। गंगा का कायाकल्प हो गया है। पानी में भी अब उतना प्रदूषण नहीं रह गया है। पानी के प्रदूषण से लड़ना बहुत कठिन काम था। गंगा देश की महत्वपूर्ण धारा है। यह धार्मिक दृष्टि से ही नहीं आर्थिक दृष्टि से भी जीवन शक्ति है। यह 50 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाली धारा है और गंगा है, तभी भारतवर्ष है।

RELATED ARTICLES

Most Popular