Wednesday, January 14, 2026
Homeराष्ट्रीयसपा, बसपा और कांग्रेस प्रदेश की सुरक्षा के लिए स्वयं खतरा: योगी

सपा, बसपा और कांग्रेस प्रदेश की सुरक्षा के लिए स्वयं खतरा: योगी

-भाजपा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री

लखनऊ(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में भाग लेते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया। सपा व बसपा को भी अनेक बार शासन करने का अवसर प्राप्त हुआ। इन दलों ने प्रदेश का भला करने के बजाय लूटा। ये दल स्वयं प्रदेश के खतरा हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में भाजपा की सरकार है। सबकी समीक्षा करें और समाज को बताएं कि कैसे उन लोगों ने लूट लिया और हम लोगों ने सुशासन का आदर्श स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को गन्ना संस्थान में आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश के अन्य हिस्सों में और उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी से बचाव के लिए ””फ्री टेस्ट, फ्री उपचार व फ्री वैक्सीन”” की सुविधाएं प्रदान की गई हैं। आज प्रदेश में कोरोना का असर लगभग समाप्त हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के शासन में बिजली की भरपूर आपूर्ति होने से स्वर्णकार भाइयों का कार्य आसान हुआ है। वर्ष 2017 के पहले पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी स्वर्णकार भाइयों पर बंदिशें लगाते थे, उन्हें प्रताड़ित करते थे।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कोरोना महामारी के समय कांग्रेस, सपा और बसपा आइसोलेशन में चली गई थीं। इनका जनता से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं था। उस वक्त इन्हें जनता नहीं दिखाई दे रही थी।चुनाव की आहट सुनाई देते ही नए-नए नारों के साथ इनके भी स्वर अब सुनाई देने लगे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में निवेश को लेकर भी पूर्ववर्ती सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इस पर कोई चिंता नहीं की। पिछली सरकारों को निवेश के लिए सुगम वातावरण तैयार करने की फुर्सत नहीं थी। भाजपा के शासन में पिछले तीन साल में ही उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में 14वें स्थान से ऊपर उठकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। विगत 4.5 वर्षों में निवेश व सुरक्षा का जो वातावरण हमारी सरकार ने प्रदान किया है, क्या ऐसी सुरक्षा, निवेश आदि की गांरटी कांग्रेस, सपा, बसपा या औवैसी दे पाएंगे ? ये तो सुरक्षा के लिए स्वयं खतरे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular