-कोरोना काल में विपक्ष पर घर से नहीं निकलने का लगाया आरोप
-जनता से कहा कि ऐसे लोगों को वोट के चोट से मिले तमाचा
बदायूं/लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री यागी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समूचे विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने बदायूं की जनता को याद दिलाया कि कोरोना काल में विपक्ष के लोग घरों में बैठे थे। इस दौरान अगर कोई आम जन की सेवा के लिए खड़ा था तो वह डबल इंजन की सरकार के अलावा भाजपा के कार्यकर्ता, नेता और जनप्रतिनिधि थे। योगी ने कहा कि याद कीजिए कोरोना के दौरान समाजवादी पार्टी के लोग हाल-चाल लेने के लिए नहीं आए थे। दिल्ली वाले भाई बहन भी गायब थे। बहन जी भी नहीं दिखाई दे रही थीं।
मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए जिले की जनता याद दिलाया कि आज से पांच साल पहले भी मैं यहां आया था। तब मैंने आपसे कहा था कि बदायूं से महेश गुप्ता को भारी मतों से जिताकर उनकी मूंछ की लाज रख लीजिए। साथ ही यह भी कहा था कि उनकी मूंछ इतनी टाइट करवा देंगे कि भूमाफिया और गुंडे अपनी जान की सलामती लेकर गले में तख्ती लटकाकर घूमते हुए दिखाई देंगे। पांच वर्ष के अंदर प्रदेश में हुए बदलाव की तस्वीर बदायूं में भी देखने को मिल रही है। पांच वर्ष पहले जिले की तस्वीर क्या थी ? उस समय पेशेवर माफिया लोगों का उत्पीड़न करते थे। भूमाफिया गरीबों की जमीन और सम्पत्तियों पर कब्जा करते थे। बेटियों के साथ छेड़खानी करते थे। थाने में शिकायत तक नहीं लिखी जाती थी। आज पांच साल बाद भूमाफिया गायब, पर्व पर्व और त्योहारों में कर्फ्यू लगाने की धमकी देने वाले लोग, बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने लोग आज गले में तख्ती डालकर थाने-थाने जान की भीख मांग रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बदायूं के नए मेडिकल कॉलेज में प्रवेश शुरू हो गया है। यहां के युवाओं को डॉक्टर बनने का अवसर प्रदान कर रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे जेवर से प्रयागराज तक जा रहा है। सबसे ज्यादा गंगा एक्सप्रेसवे इसी जिले से होकर गुजर रहा है। सबसे ज्यादा लाभ यहां के किसानों को मिल रहा है। इस लाभ के साथ-साथ यहां कॉरिडोर बनेगा तो यहां के लाखों जवानों को यहीं पर नौकरी की सुविधा होगी। यही कहने के लिए मैं आज यहां आपके पास आया हूं। जब केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार और प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार यानि डबल इंजन की सरकार है। यह डबल रफ्तार से चलती है। परिणाम भी कई गुना देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, याद रखिएगा कोरोना काल में केवल भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार और भाजपा के कार्यकर्ता नेता ही आपकी सेवा के लिए खड़े थे। कोरोना कालखंड में आप लोगों ने देखा होगा कि तीसरी वेब कब आई और कब चली गई, पता ही नहीं चला। लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि आपने कोरोना का क्या किया ? कोरोना भी जानता है कि हमारे हाथ एक हाथ में विकास की छड़ी है, दूसरे हाथ में माफियाओं, अपराधियों के लिए बुलडोजर का लीवर है। दोनों जब एक साथ चलते हैं तब विकास दौड़ता है। समाज को नुकसान पहुंचाने वाले लोग उसके नीचे दबते हुए चले जाते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि कोरोना सदी की सबसे बड़ी महामारी है। उसे हमने नियंत्रित कर लिया है। लेकिन आप सब से कहना चाहता हूं कि कोरोना कालखंड में फ्री में उपचार, फ्री में वैक्सीन मिली है। 100 फीसदी लोगों ने पहला टीका ले लिया है। 75 फ़ीसदी लोगों ने टीके की दूसरी रोज भी ले ली है। अखिलेश समेत विपक्ष का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे थे कि यह मोदी टीका है, भाजपा का टीका है। योगी ने कहा कि इसी मोदी और भाजपा के टीके ने कोरोना वायरस में लोगों की जान बचाई है।
गरीबों का राशन खा जाता था बहन जी का हाथी
योगी ने कहा कि दुनिया में हजारों लोग मर रहे हैं। लाखों लोग बीमार पड़े हैं। इसी टीका के कारण बीमारी को देश में कंट्रोल कर लिया गया है। टीका का जो लोग विरोध करते थे, उन लोगों को वोट की चोट से एक तमाचा होना चाहिए। वह हमारी जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। फ्री में टीके के साथ-साथ डबल इंजन की सरकार में डबल राशन भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने जनता से पूछा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में मुफ्त में राशन मिलता था क्या ? सुरक्षा मिलती थी ? बहन जी पर तो बोलना ही क्या, उनके हाथी का पेट इतना बड़ा है कि सारा राशन खा जाता था। गरीब को कहां से मिलता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्री में राशन, फ्री में टीका देकर जनता पर हमने कोई उपकार नहीं किया है। यह हमारा धर्म था। हमारा कर्तव्य था कि हम यह करें। इसलिए हमने किया है। बेटियों को सुरक्षा मिली, कानून व्यवस्था ठीक हुआ, पर्व एवं त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं। हमने अपने धर्म का निर्वहन करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस मौके पर भाजपा के सभी उम्मीदवारों के साथ ही पार्टी के कई अन्य नेता भी मौजूद रहे।
दिलीप शुक्ला
