मेरठ (हि.स.)। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि उनकी पार्टी को भाजपा की बी टीम कहने वाले भूल गए कि सपा, बसपा और कांग्रेस की गलत नीतियों से ही केंद्र व उप्र में भाजपा को सफलता मिली। उन्होंने कहा कि अपना एक लीडर चुनो। एक डंडे और झंडे के नीचे रहो।
किठौर में शनिवार को शोषित समाज सम्मेलन में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा हथियार राजनीति है। वही विकास के सारे मार्ग प्रशस्त करती है। बिहार में भाजपा की जीत की उलाहना एआईएमआईएम को दी जा रही है। ओवैसी ने कहा कि अपना एक लीडर चुनो, एक डंडे, एक झंडे के नीचे रहो। यादव और दलित से सबक हासिल करो। एक डंडे व एक झंडे के नीचे रहकर वह हर विभाग और दफ्तर में नौकरी पाए हुए हैं और मुस्लिमों के हिस्से में दंगे-फसाद, जेल, बर्बादी और तबाही आई है। उप्र में सबसे ज्यादा नाइंसाफी दलितों के बाद मुस्लिमों के साथ हुई है। हमें जागरूक रहना है। जब भी मुस्लिमों पर आफत आई है, उनकी आवाज को ओवैसी ने ही संसद में उठाया है।
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झूठ बोल रहे हैं। मोदीजी कहते है कि 100 करोड़ लोगों को टीका लग गया जबकि वास्तव में 31 प्रतिशत लोगों को ही भारत में टीके लगे हैं। सपा पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि किठौर में 15 साल तक शाहिद मंजूर विधायक रहे, लेकिन किठौर का कोई विकास नहीं हो सका। बसपा में मुनकाद अली का भी यही हाल रहा। यहां से मजलिस का विधायक बनने पर विकास कार्य होंगे।
दिवंगत पार्षद के घर पहुंचे ओवैसी
इससे पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी सीधे ढिबाई नगर स्थित पार्षद जुबेर के घर पहुंचे। ओवैसी ने पार्षद की हत्या पर दुख जताया और परिवार को सांत्वना दी। गौरतलब है कि एआईएमआईएम के पार्षद जुबेर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अभी तक हत्यारों को नहीं पकड़ पाई है।
