लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने सीतापुर के पुलिस अधीक्षक और कोतवाली प्रभारी देहात के खिलाफ भाजपा के पक्ष में मतदान का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करने के साथ ही कोतवाली प्रभारी व पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से सीतापुर से स्थानांतरित करने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य चुनाव आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि जनपद सीतापुर के पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह तथा कोतवाली प्रभारी देहात ओपी तिवारी द्वारा ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व कोटेदारों पर सत्तारूढ़ दल भाजपा के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाया जा रहा है। इससे प्रधान, पंचायत सदस्य व नागरिकों में भय व्याप्त हो गया है तथा चुनाव प्रभावित हो रहा है।
पत्र के माध्यम से कहा गया है कि आदर्श आचार संहिता का सख्ती के साथ पालन कराना सुनिश्चित किया जाय, जिससे कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न हो सके।
उपेन्द्र
