Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा ने सत्तापक्ष के मंत्री पर लगाया वोटरों को धमकाने का आरोप

सपा ने सत्तापक्ष के मंत्री पर लगाया वोटरों को धमकाने का आरोप

– मुख्य निर्वाचन आयुक्त नई दिल्ली को आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत की

– मीरजापुर जिले की छानबे विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव का मामला

लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व सांसद ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त, निर्वाचन आयोग नई दिल्ली को आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत की है। शिकायत में समाजवादी समर्थकों, प्रधानों को वोट के लिए धमकाने का आरोप लगाया है। कहा गया है कि मीरजापुर की विधान सभा क्षेत्र-395 छानबे सीट पर हो रहे उपचुनाव में सत्तापक्ष के मंत्री अपनी पार्टी उम्मीदवार को वोट न करने पर मुकदमे में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं।

सपा के पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह ने शिकायत की है कि जनपद मीरजापुर की विधान सभा क्षेत्र-395 छानबे में हो रहे उपचुनाव में सत्तापक्ष के मंत्री आशीष पटेल ने विकास खण्ड लालगंज के भाजपा मण्डल अध्यक्ष रामबली गुप्ता के आवास पर प्रधानों को बुलाकर धमकाया है। पूर्व सांसद ने आरोप लगाया कि समाजवादी समर्थक प्रधानों के साथ मंत्री ने गाली गलौज भी की। मंत्री ने कहा कि आप लोगों ने सत्तापक्ष के उम्मीदवार को वोट देने और दिलाने का काम नहीं किया तो जैसे पतारकला के प्रधान अरविन्द यादव का मकान गिरवा दिया, उसी तरह आपके साथ भी होगा। ऐसा न करने वालों के विरूद्ध मुकदमे कायम कराकर जेल भेजने का भी काम करेंगे। इसलिए आप सभी लोग सत्तापक्ष के उम्मीदवार की मदद करें।

पूर्व सांसद का कहना है कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री का यह आचरण उनके द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग सम्मानित प्रधानों को धमकाने जैसा कृत्य सरासर आचार संहिता का उल्लंघन व स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव को प्रभावित करने वाला और लोकतंत्र की हत्या करना है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि इसका तत्काल संज्ञान लेकर मंत्री आशीष पटेल के विरूद्ध समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराकर कठोर कार्यवाही करने का कष्ट करें। जिससे वहां निष्पक्ष व भयमुक्त चुनाव सम्पन्न हो सके। यह जानकारी सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने सोमवार को पत्र जारी कर दी है।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular