लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त से लखनऊ आईजी रेंज पुलिस लक्ष्मी सिंह को हटाने की पुन: मांग की है। पत्र में कहा गया है कि उनके पति सरोजनीनगर से भाजपा के प्रत्याशी हैं और लक्ष्मी सिंह मतदान को प्रभावित करने के लिए अपने पद का दुरूपयोग कर रही हैं। इसके साथ ही पुरे प्रदेश में पुलिस कर्मियों से उनके पहचान पत्र मांगे जाने का आरोप लगाया है।
समाजवादी पार्टी कें राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि 170-सरोजिनी नगर विधान सभा क्षेत्र जनपद लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह लखनऊ आई जी रेन्ज पुलिस के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने पति राजेश्वर सिंह भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए पद का दुरुपयोग करके पुलिस विभाग के कर्मचारियों तथा मतदाताओं पर दबाव बना रही है। इससे चुनाव प्रभावित हो रहा है। राजेन्द्र चौधरी ने लक्ष्मी सिंह को तत्काल स्थानांतरण करने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पत्र में लिखा है कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में पुलिस कर्मियों से उनके मतदाता पहचान पत्र संख्या, विधान सभा का नाम व संख्या, मतदेय स्थल व क्रमांक संख्या का विवरण लिया जा रहा है, परन्तु पोस्टल मत उन्हे उपलब्ध नही कराया जा रहा है।
कहा कि इससे बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी पोस्टल मत से मतदान करने से वंचित रह जायेगे व स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न नहीं हो सकेगा। इस पर तत्काल कार्रवाई किये जाने की मांग की गयी है।
उपेन्द्र
