Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा ने निष्पक्ष मतगणना को लेकर सौंपा ज्ञापन

सपा ने निष्पक्ष मतगणना को लेकर सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज(हि.स.)। समाजवादी पार्टी(सपा) के नेताओं, पदाधिकारियों ने सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन अपर जिला मजिस्ट्रेट को सौंपा। सपा नेताओं ने मतगणना को निष्पक्ष एवं पारदर्शी कराये जाने की मांग की है। साथ ही मतदान की प्रमाणित प्रति मांगी है।

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदान के बाद जिस तरह सौ प्रतिशत मतदान की खबर छपी, जबकि सच्चाई अलग थी। इसके चलते लोंगो में मतगणना को लेकर अभी से आशंका व्याप्त है। उन्होंने उदाहरण दिया कि वार्ड संख्या 37 में बूथ संख्या 409 पर कुल मतदाता 1091 हैं। जिनमें शत प्रतिशत की खबर छप गई, जबकि महज 531 मत ही पड़े हैं। इससे सपाजनों ने मतदान की संख्या एवं सही स्थिति निर्वाचन कार्यालय से प्रमाणित प्रति की मांग की है।

इसके आलावा ज्ञापन में मतगणना के दौरान मान्यता प्राप्त दलों के एजेंटों को उचित जगह बैठाने और स्थानीय महानगर में आने वाले थानों की पुलिस को मतगणना के दौरान ड्यूटी में न लगाए जाने की भी मांग की है।

इस दौरान महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, रविन्द्र यादव एडवोकेट, मुख्य निर्वाचन अभिकर्ता रमाकांत शर्मा, मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर, लल्लन सिंह पटेल एडवोकेट, योगेश पाल एडवोकेट, बृजेश यादव एडवोकेट, लालजी यादव एडवोकेट, धीरेन्द्र यादव एडवोकेट आदि मौजूद रहे।

विद्या कान्त/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular