Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा ने जो वादा किया, उसे कचरे के डिब्बे में डाल दिया:...

सपा ने जो वादा किया, उसे कचरे के डिब्बे में डाल दिया: पाठक

-कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर बोला हमला

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कानून मंत्री बृजेश पाठक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव हमला बोला है। 2012 में उत्तर प्रदेश की जनता ने जिनको सत्ता सौंपी थी, वह लोग आज बदलाव की बात कर रहे हैं। 2012 से लेकर 2017 तक उनके शासन काल के बारे में प्रदेश की जनता को पता है। 2012 में प्रदेश की सत्ता में आने के बाद उन्होंने क्या किया, यह किसी से छिपा नहीं है।

पाठक ने कहा कि उन्होंने जो वादे किए थे, उसे कचरे में डाल दिया। उन्होंने कहानी बदलाव की नहीं, उत्तर प्रदेश को बदनाम करने की लिखी। उत्तर प्रदेश के संसाधनों के लूट की कहानी लिखी। उन्होंने युवाओं को नौकरियां देने में भी लूट की कहानी लिखी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बारे में सबको पता है। अखिलेश सरकार में किस तरह से लोक सेवा आयोग में भ्रष्टाचार हुआ था। युवाओं के साथ खिलवाड़ किया गया। लोगों ने लोक सेवाओं का नाम बदल दिया था। परीक्षा के नाम पर नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। पैसे लेकर बड़े-बड़े पदों पर लोगों की भर्ती की गयी। जब सूची आती थी तो लगता था कि यह किसी एक गांव के लोग हैं। उनसे भी पैसे की लूट की गई।

गायत्री प्रसाद प्रजापति का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि हद तो तब हो गई जब बलात्कारी को ही कैबिनेट में शामिल किया गया। सपा सरकार में घोटालों की एक लंबी फेहरिस्त है। खनन घोटाला, पेंशन घोटाला, फैशन घोटाला, गोमती रिवर फ्रंट घोटाला, शुल्क प्रतिपूर्ति घोटाला किया। फर्जी नामों से पैसे निकाले गए। कन्या विद्याधन का भी घोटाला किया गया। यह सब किसी से छिपा नहीं है।

कहा कि कानपुर में सपा के लोगों ने दलित को पीटा है। भाजपा दलित परिवार के साथ है। हम चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग करते हैं। चुनाव के बाद हम उस परिवार से मिलने जाएंगे। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इस मौके पर अपर्णा यादव और भाजपा मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित भी मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular