लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी ने पुलिस आयुक्त व उपायुक्त गौतमबुद्धनगर पर भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त से उनके जल्द स्थानान्तरण की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। गुरुवार को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि गौतमबुद्धनगर के पुलिस आयुक्त आलोक सिंह व पुलिस उपायुक्त रण विजय सिंह द्वारा भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित किया जा रहा है। भाजपा के लिए माहौल बनाने के लिए भी पुलिस विभाग पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे चुनाव प्रभावित हो रहा है तथा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है।
इसके साथ ही पत्र में लिखा गया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर के उपरोक्त दोनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जनपद से स्थानान्तरित कराया जाए तथा आदर्श आचार संहिता का सख्ती के साथ पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उपेन्द्र
