– तालाब की जमीन पर अवैध रूप से बनायी गई थीं दुकानें
फिरोजाबाद(हि.स.)। फरिहा नगर पंचायत में मंगलवार को जिला प्रशासन ने सपा के निवर्तमान चेयरमैन की छह दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है। दुकानों को अवैध रूप से तालाब की जमीन पर कब्जा कर बनवाया गया था।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत फरिहा में तालाब की जमीन है। यह नगर पंचायत से सटी हुई है। यहां पर कई साल पहले गलत रूप से दुकानों को बनाकर किराए पर उठा दिया गया था। सपा नेता और निवर्तमान चेयरमैन अब्दुल हई पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की। दुकानों की बेदखली की कार्रवाई के लिए मुकदमा न्यायालय तहसीलदार असिस्टेंट कमिश्नर के यहां चला। यहां पर सपा नेता मुकदमा हार गए। सपा नेता ने जिलाधिकारी के न्यायालय में अपील दायर की। यहां पर भी जांच में अवैध निर्माण साबित हो गया। इस न्यायालय में भी अपील को निरस्त कर दिया।
एसडीएम जसराना पारसनाथ मौर्य ने बताया कि तहसीलदार असिस्टेंट कमिश्नर आगरा और डीएम न्यायालय में मुकदमों को हारने के बाद सपा नेता एवं निवर्तमान चेयरमैन अब्दुल हई ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाईं दुकानों को मंगलवार को ध्वस्त करा दिया गया है। इस दौरान सीओ जसराना, तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार, थाना फरिहा, जसराना, एका की पुलिस और पीएसी मौजूद रही।
मामले में निवर्तमान सपा चैयरमैन अब्दुल हई का कहना है कि ध्वस्तीकरण को लेकर कोई नोटिस नहीं दिया गया। 35 साल पहले दुकानें बनवाई गई थीं। हमारा नक्शा नगर पंचायत से पास है। हम नगर पंचायत को टैक्स भी देते हैं। तालाब की जमीन पर दुकानें नहीं थीं। हमारे साथ अन्याय हुआ है।
कौशल
