सपा नेता का मुख्य हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। जिले में परसपुर थाने की पुलिस तथा स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बीती रात संयुक्त आपरेशन में मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपए के इनामी मुख्य हत्याभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से जख्मी अभियुक्त को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आज यहां बताया कि परसपुर कस्बे के मोहल्ला राजा टोला निवासी सपा कार्यकर्ता ओम प्रकाश सिंह (45) की चुनावी रंजिश के कारण बीते शुक्रवार को दिनदहाड़े उनके घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गयी थी। मामले में मृतक की पत्नी के तहरीर पर भाजपा सभासद उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह व उनके तीन बेटों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का अभियोग दर्ज कराया गया था। घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों चंदन सिंह और रोहित को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी लल्लन सिंह अभी पुलिस की पकड़ से दूर था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। एसपी ने बताया कि बीती रात मुखबिर की सूचना पर कर्नलगंज-बेलसर-नवाबगंज (सीबीएन) मार्ग पर परसपुर थाने की पुलिस और एसओजी ने उसकी घेराबंदी किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह जख्मी हो गया। उसे मौके पर गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक मोटर साइकिल, अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। इस सम्बंध में स्थानीय थाने की पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि इस मुकदमे में फारेंसिक साक्ष्य संकलन करते हुए जल्द से जल्द आरोप पत्र अदालत भेजा जाएगा तथा ‘आपरेशन कंविक्शन’ के तहत उनके द्वारा व्यक्तिगत रूप से अदालत में प्रभावी पैरवी करके अभियुक्तों को कठोर सजा दिलाई जाएगी। बता दें कि परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर अभियुक्तों की मदद करने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था तथा शव को सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन किया था। मुख्य आरोपी भारतीय जनता पार्टी का सभासद बताया जाता है।
इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल मृतक सपा कार्यकर्ता ओम प्रकाश सिंह के घर पहुंचा और पीड़ित परिवार को पार्टी की तरफ से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। प्रतिनिधि मण्डल ने न्याय दिलाने के लिए उनकी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में सपा के पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, पूर्व एमएलसी महफूज खां जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, कैसरगंज से लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे भगतराम मिश्रा व युवा नेता सूरज सिंह शामिल रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दो दिन के अंदर घटना की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी प्रमुख को सौंपी जायेगी। प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान मृतक की बेटी ने स्थानीय पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए घटना की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की। परिजनों ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ सरकार से आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई।

यह भी पढें : मानव जीवन को प्रभावित कर रहा जलवायु परिवर्तन

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!