Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा नेताओं को शांतिभंग की आशंका का नोटिस मिलने पर नाराजगी

सपा नेताओं को शांतिभंग की आशंका का नोटिस मिलने पर नाराजगी

कार्यकर्ताओं ने लगाया एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप

वाराणसी (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार और नामांकन के पहले ही समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को 107/116 के तहत नोटिस तामील होने पर पार्टी में नाराजगी बढ़ रही हैं । शांतिभंग की आशंका में मिल रही नोटिस को पार्टी ने एकपक्षीय उत्पीड़न बताया है। पार्टी के महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा के अनुसार जिला प्रशासन अब एकपक्षीय कार्रवाई करेगी तो कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर आंदोलन शुरू करेंगे। इसकी जिम्मेदारी पुलिस और जिला प्रशासन की होगी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा से लिखित शिकायत की गई। लेकिन पाबंद की नोटिस अभी भी कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने कहा भी था कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से धारा 107/116 की नोटिस वापस ले ली जाएगी। अभी तक सिर्फ हमें आश्वासन ही मिला है। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के युवा नेता किशन दीक्षित, नागेश्वर चौरसिया, लालू यादव आदि के आवास पर जमानती वारंट भेजा गया है। विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भी लगातार नोटिस भेजकर पुलिस-प्रशाशन कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहा हैं उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन भाजपा के एजेंट के तौर पर कार्य कर रहे है।

-कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष को भी आचार संहिता उल्लंघन का नोटिस

कांग्रेस के स्थानीय महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे को चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया गया है। गुरुवार की शाम को नोटिस जारी कर 48 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण अप्राप्त रहने की स्थिति में यह माना जाएगा कि उन्हें उक्त के संबंध में कुछ नहीं कहना है और इस प्रकरण को निर्वाचन आयोग को संज्ञानित करते हुए विधिक कार्यवाही की जाएगी। रिटर्निंग आफिसर 388-वाराणसी उत्तरी/अपर नगर मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) ने नोटिस जारी किया हैं। गुरुवार शाम एसएसटी टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान वाहन को चालक के साथ पकड़ा था। जिस पर कांग्रेस पार्टी की प्रचार सामग्री के रूप में लगभग 2000 पम्पलेट पाया गया। पम्पलेट में प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी का फोटो लगा हुआ है, जिस पर चुनाव आयोग के अनुसार मुद्रक/प्रकाशन करने वाले का नाम उल्लिखित नहीं है, जो आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की परिधि में आता है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular