Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा के प्रोपेगेंडा को 2024 में फिर बेनकाब करेगी जनता : भूपेन्द्र...

सपा के प्रोपेगेंडा को 2024 में फिर बेनकाब करेगी जनता : भूपेन्द्र सिंह

– परिवारवाद की पराकाष्ठा का सबसे बड़ा नमूना सपा का राष्ट्रीय अधिवेशन

लखनऊ(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया प्रोपेगेंडा फैलाने के ब्रांड एंबेसडर हैं। सपा के प्रोपेगेंडा को फिर 2024 में जनता बेनकाब करेगी और जीरो पर पूरी सपा आउट होगी। 2024 में फिर ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ होगा। भ्रष्टाचार, जंगलराज, परिवारवाद, तुष्टीकरण ही सपा का डीएनए है और प्रदेश को गर्त में ढकेलने की सजा जनता सपा को दे रही है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सपा का राष्ट्रीय अधिवेशन परिवारवाद की पराकाष्ठा का सबसे बड़ा नमूना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर लगातार चार बार से जनता की ओर से नकारे जाने के बाद भी एक ही व्यक्ति को बार-बार चुनना, यह साबित करता है कि पार्टी में दूसरा कोई योग्य व्यक्ति नहीं है और पूरी पार्टी धरातल की सच्चाई से कोसों दूर है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार में सबसे अधिक उत्पीड़न दलितों का हुआ, यह बात आज भी दलित समाज भूला नहीं है। बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर और डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों से सपा भटक चुकी है। सपा सरकार में पिछड़ों का मतलब सिर्फ एक जाति रही है और एक ही जाति के लोगों को नौकरियां मिलती थीं। जबकि योगी सरकार में कानून व्यवस्था की प्रशंसा पूरे देश में की जा रही है। पूरी पारदर्शिता के साथ नौकरियों में युवाओं की भर्ती हो रही है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। जबकि सपा सरकार में तुष्टीकरण चरम पर था। आम आदमी को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। आज समाज के हर तबके को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular