मुुरादाबाद (हि. स.)। बिना अनुमति के रविवार रात्रि में मशाल जुलूस निकालने और प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र नारेबाजी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शाने आलम उर्फ शानू समेत तीन नामजद और 40 सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुगलपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सपा के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष को सोमवार दोपहर में गिरफ्तार करके मेडिकल करखब्शाम को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रविवार रात्रि में समाजवादी पार्टी महानगर के आह्वान पर मुगलपुरा क्षेत्र में मशाल जुलूस निकाला गया था। सपाइयों ने गुजरात के बिलकिस बानो केस के आरोपियों को रिहा करने के मामले में विरोध किया था। इस दौरान कई दर्जन सपा कार्यकर्ता अपने हाथों में मशाल और बिलकिस बानो से जुड़े पोस्टर लेकर बड़े जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए शहर की सड़कों से निकल कर नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। इस मशाल जुलूस के लिए पुलिस प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र नारेबाजी भी की थी। इसकी जानकारी होने पर मुगलपुरा पुलिस ने पूर्व महानगर अध्यक्ष शाने आलम शानू, तालिब अंसारी और अथर अंसारी सहित तीन लोगों को नामजद करते हुए 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए रविवार को पूर्व सपा महानगर अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल कराकर अदालत में पेश किया है।
निमित जायसवाल
