Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सपा की 'देश बचाओ-देश बनाओ' साइकिल यात्रा हुई रवाना

 सपा की ‘देश बचाओ-देश बनाओ’ साइकिल यात्रा हुई रवाना

-22 नवम्बर को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर लखनऊ में होगा समापन

प्रयागराज (हि.स.)। समाजवादी पार्टी की “देश बचाओ-देश बनाओ“ साइकिल यात्रा आज पार्टी कार्यालय से रवाना हो गई। यात्रा को सपा के तीनों जिलाध्यक्षों अनिल यादव, पप्पू लाल निषाद एवं सैयद इफ्तेखार हुसैन ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

यात्रा के संयोजक, सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आम आदमी की उम्मीदों पर पूरी तरह फेल हो चुकी है। मणिपुर सहित विभिन्न प्रांतों में बिगड़े माहौल को सुधारने की बजाय भाजपा के नेता उल्टे सीधे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना, पीडीए की मजबूती के लिए जन जागरूकता पैदा कर 2024 में इण्डिया के नेतृत्व में केंद्र की सत्ता हासिल करना ही इस यात्रा का उद्देश्य है।

इस मौके पर सपा नेताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार को जनविरोधी बताते हुए दावा किया कि एनडीए सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। सपा के जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर के अनुसार प्रदेश में जन जागरण पैदा करने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर निकली यह साइकिल यात्रा के पहले चरण का समापन समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर 22 नवम्बर को लखनऊ में होगा। इस दौरान कुल 24 जिलों, 25 लोकसभा क्षेत्रों एवं 125 विधानसभा क्षेत्रों से होकर यात्रा गुजरेगी। यह यात्रा आज कौशाम्बी जनपद में प्रवेश कर गई। इस मौके पर राघवेंद्र सिंह, धर्मराज सिंह, हाजी परवेज अहमद, पंधारी यादव, अंसार अहमद, संदीप यादव, अमरनाथ सिंह मौर्य, हरिओम साहू, राम सुमेर पाल, कृष्ण मूर्ति सिंह आदि मौजूद रहे।

विद्या कान्त/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular