लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधि मण्डल 13 जुलाई 2023 को जनपद कासगंज जाएगा। इस दल में 10 सदस्य शामिल रहेंगे।
जनपद कासगंज के नगला मोतीनगर थाना गंजडुण्डवारा तहसील पटियाली निवासी भूप सिंह बंजारा की नाबालिग पुत्री के साथ हुए दुष्कर्म की घटना प्रकाश में आई थी। आरोप है कि इस मामले में पुलिस के उचित कार्रवाई न किये जाने से पीड़िता ने क्षुब्ध होकर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस प्रकरण की सही जानकारी एवं पीड़ित परिवार से मिलने के लिए सपा का 10 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल नगला मोती जनपद कासगंज पहुंचेगा। पीड़ित परिवार से सपा का दल मुलाकात कर प्रकरण में की गई पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी जुटाएगा। इसकी रिपोर्ट सपा अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। यह जानकारी मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने पत्र जारी कर दी है।
ये हैं प्रतिनिधिमंडल में शामिल
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल में पूर्व मंत्री व विधायक अताउर्रहमान, गुन्नौर के विधायक रामखिलाड़ी यादव, विधायक नादिरा सुलतान, पूर्व सांसद कुंअर देवेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक मानपाल सिंह, वीरेन्द्र सिंह सोलंकी, सत्तन शाक्य, रामपाल नायक, डाॅ. जोध सिंह नायक एवं कालीचरन नायक शामिल हैं।
मोहित वर्मा/दिलीप
