Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सपा का एक ही नारा खाली प्लाट हमारा - बृजेश पाठक

 सपा का एक ही नारा खाली प्लाट हमारा – बृजेश पाठक

सोनभद्र (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को राबर्ट्सगंज के आरटीएस क्लब में नगर निकाय की एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का एक ही नारा था, ‘ख़ाली प्लाट हमारा’। जहां भी कोई प्लाट खाली मिले, सपा के लोग कब्जा कर लेते थे और आम जनमानस को परेशान करते थे।

जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन काल में सपा के कार्यकर्ता आमजन की ख़ाली पड़ी ज़मीनों पर आंख गड़ाये बैठे रहते थे और जैसे ही मौक़ा मिलता था, कब्जा कर लेते थे। वर्तमान में योगी सरकार में किसी की भी ज़मीन पर ज़बरदस्ती कब्जा करने की किसी में हिम्मत नहीं है। जबसे भाजपा की सरकार आयी है और योगी मुख्यमंत्री बने हैं, तब से गुंडा माफिया की हिम्मत पस्त हो गई है।

उत्तर प्रदेश के प्रति जो लोगों में यह भावना थी कि यहां गुंडा, माफिया हावी हैं, वह बदल चुकी है। अब जनता निर्बाध रूप से जीवन बसर कर रही है। किसी प्रकार का कोई भय नहीं है। पाठक ने कहा कि देश में उपयोग में आने वाले 65 प्रतिशत मोबाइल उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश देश का नंबर एक प्रदेश बन चुका है। एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि उप्र में सड़कों की स्थिति काफ़ी अच्छी हो गई है। साथ ही बिजली की आपूर्ति ज़िला मुख्यालयों पर 24 घंटे हो रही है। गावों में भी भरपूर बिजली दी जा रही है। प्राथमिक विद्यालयों में सपा शासन के एक करोड़ बच्चों की तुलना में वर्तमान में 1.92 करोड़ बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। उप मुख्य मंत्री ने कहा कि 2014 में देश में मोदी और 2017 में प्रदेश में योगी की सरकार आने के बाद बहुत कुछ बदल चुका है।

पाठक ने कहा कि 2014 में विश्व के देशों में हमारा देश भ्रष्टाचार की सूची में बहुत ऊपर था लेकिन देश की छवि को बदलने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक देशों का भ्रमण कर भारत की छवि को सुधारा और वर्तमान में अपना देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। 2047 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने देश और प्रदेश में संचालित आयुष्मान योजना, हर ग़रीब को पक्का मकान, विंध्याचल और बुंदेलखंड में हर घर जल, किसान सम्मान निधि, 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न आदि योजनाओं का भी ज़िक्र किया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ़ चाइना में कोरोना से अभी भी हाहाकार मचा हुआ है। दूसरी तरफ़ अपने देश में लगवाये गये वेक्सीन के कारण लोग राहत की सांस ले रहे हैं। हम सब बिना मास्क के घूम रहे हैं। अंत में उन्होंने ज़िले की एक मात्र नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की।

पीयूष

RELATED ARTICLES

Most Popular